फरीदाबाद। स्वतंत्रता दिवस के आयोजन की तैयारियों के तहत बृहस्पतिवार को अतिरिक्त उपायुक्त सतबीर मान ने सेक्टर-12 स्थित हेलीपैड ग्राउंड में परेड का निरीक्षण कर मार्च पास्ट की सलामी ली। उन्होंने टुकड़ियों के कमांडरों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान टीमों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रिहर्सल की।
हेलीपैड ग्राउंड में ध्वाजारोहण, परेड, मार्च पास्ट और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रथम रिहर्सल आयोजित की गई। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की टीमों में राजकीय गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल एनआईटी नंबर-तीन की छात्राओं द्वारा देशों में देश भारत, भारत में हरियाणा, राजकीय गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल ओल्ड फरीदाबाद की छात्राओं द्वारा खेल कूद पढंयो मेले में, गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल एनआईटी पांच की छात्राओं द्वारा आयो रे आयो रे मारो ढोलना, राजकीय मॉडल स्कूल सराय ख्वाजा के विद्यार्थियों द्वारा तेरी मिट्टी में मिल जावां और सिरोधी साईं बाबा स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा 100 रागनियों का सजा एक भारत का एक राग पर रिहर्सल किया गया। वहीं हरियाणा पुलिस के परेड कमांडर पुरुष के पीएसआई सुरेंद्र सिंह, महिला विंग की पीएसआई ममता, हरियाणा पुलिस के जवान एसआई विजेंद्र सिंह, भारत स्काउट गाइड पुरुष में विश्वजीत, महिला में पिंकी, हिंदुस्तान स्काउट गाइड के सचिन, 51 एंबुलेंस के लिए विकास, प्रजातंत्र के प्रहरी के रवि के नेतृत्व में पूर्वाभ्यास किया गया। वहीं योगा का पूर्वाभ्यास खेल परिसर में किया गया। इस मौके पर एसडीएम परमजीत चहल, एसीपी सेंट्रल सत्यपाल, जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी राकेश गौतम आदि मौजूद रहे।