थाना सदर क्षेत्र के गांव स्थित सरकारी स्कूल के पढ़ती है छात्रा
आरोपी ने किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। थाना सदर क्षेत्र के गांव में स्थित सरकारी स्कूल की दूसरी कक्षा में पढ़ने वाली 6 साल की छात्रा के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। छात्रा के परिवार वालों को बताया कि शिक्षक ने उसके साथ लंच टाइम में छेड़छाड़ की। मामले में थाना सदर पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
छात्रा के पिता ने बताया की उनकी बेटी सरकारी स्कूल में करीब 2 साल से पढ़ाई कर रही है। वह 6 साल की है और दूसरी कक्षा की छात्रा है। 20 जनवरी को उनकी बच्ची हर रोज की तरह स्कूल में पढ़ाई करने के लिए गई थी। जब वह लंच ब्रेक में खाना खा रही थी तभी स्कूल के शिक्षक संजीव ने उसके साथ छेड़छाड़ की। स्कूल के बाद जब वह घर वापस आई तो बेटी ने घटना के बारे में परिवार वालों को बताया। आरोप है कि शिक्षक संजीव ने किसी को बताने पर बेटी को जान से मारने की धमकी भी दी। इस घटना की शिकायत पुलिस को दी गई। पुलिस प्रवक्ता यशपाल का कहना है कि परिजनों की ओर से मिली शिकायत के आधार पर आरोपी शिक्षक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।