आदर्श नगर थाने में दर्ज हुई थी एफआईआर
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। बेटे की हत्या कर शव को फंदे पर लटकाकर आत्महत्या बताने के मामले में पुलिस ने पिता व दो भाइयों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों में बल्लभगढ़ की सुभाष कॉलोनी निवासी मृतक कृष्ण के पिता धनीराम, भाई सूरज व सुदामा शामिल हैं। अपराध शाखा सेक्टर-65 की टीम ने इन्हें गिरफ्तार किया है।
आरोपितों से शुरुआती पूछताछ में सामने आया कि कृष्ण शराब पीता था। नशे में वो घर में अक्सर पिता व भाइयों के साथ झगड़ा करता था। 15 सितंबर की रात को भी वह शराब पीकर घर आया और झगड़ा करने लगा। इस पर भाई सुदामा, सूरज व पिता ने मिलकर कृष्ण को पीटा। इससे उसकी मौत हो गई। मामले को आत्महत्या दिखाने के लिए तीनों ने शव को फंदे से लटका दिया।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि तीनों आरोपियों को तीन दिन के रिमांड पर लेकर अपराध शाखा सेक्टर-65 की टीम पूछताछ कर रही है। आदर्श नगर थाने में यह मामला 16 सितंबर को सामने आया। बल्लभगढ़ की सुभाष कॉलोनी निवासी परिवार ने पुलिस को बताया कि रात को कृष्ण ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच में पाया कि कृष्ण के शरीर पर चोट के निशान थे। टीम को सूत्रों से सूचना मिली कि कृष्ण को पीटकर उसके पिता व भाइयों ने मारा है। पुलिस ने हत्या की एफआईआर दर्ज कर जांच करते हुए अब आरोपियों को गिरफ्तार किया है।