फरीदाबाद। स्वास्थ्य विभाग की ओर से शनिवार को कोरोना संक्रमण के 84 नए मामलों की पुष्टि की गई, जबकि 68 मरीजों ने कोरोना को मात दी। राहत रही कि इस दौरान कोई मौत का मामला सामने नहीं आया। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक जिले के सभी नए मामले शहरी क्षेत्र से मिल रहे हैं। शनिवार को सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 568 हो गई।
इनमें से 14 अस्पताल में उपचाराधीन है। इस दौरान 554 मामले होम आइसोलेशन में है। कोरोना के मामले बढ़ने से रिकवरी रेट घटकर 98.98 प्रतिशत हो गया। सैंपल जांच में हर सौ में से पांच मामले संक्रमित मिल रहे हैं। कोविड-19 के नोडल अधिकारी डॉ. रामभगत ने बताया कि जिले में शनिवार को 1509 सैंपल लिए गए। इस दौरान 1953 सैंपल की रिपोर्ट लंबित रही। विभाग की ओर से संक्रमण के हॉट-स्पॉट पर लगातार निगरानी की जा रही है। यहां सैंपलिंग पर ध्यान है। योजना बनाकर रणनीति के साथ बढ़ते मामलों पर लगाम लगाने की तैयारी है। ब्यूरो