पिता के साथ मिलकर लोगों को पैसे के सही निवेश के बारे में देती है जानकारी, खुद ही जाल में फंसी
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। लोगों को पैसे के सही निवेश के बारे में जानकारी देने वाली महिला स्वयं ही साइबर ठगों के जाल में फंस गई। साइबर ठगों ने शेयर बाजार में निवेश कर मोटी कमाई का लालच देकर सेक्टर-15 निवासी महिला से करीब साढ़े सात करोड़ रुपये ठग लिए। पीड़िता ने 18 से 26 मार्च के बीच आरोपियों के बताए बैंक खातों में पैसे जमा कराए। पैसे वापस मांगने के नाम पर हर बार पीड़िता से और निवेश कराया जाता था। ठगी का अहसास होने पर उन्होंने साइबर थाना सेंट्रल में केस दर्ज कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
प्रियांशी गुप्ता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया वह सेक्टर-15 में परिवार के साथ रहती हैं। उनके पिता दिल्ली में वित्तीय सलाहकार (सीए) हैं। महिला ने दिल्ली में कार्यालय खोल रखा है, जिसमें वह पिता के कामकाज में साथ देती हैं। वह लोगों को पैसे के सही निवेश के बारे में सलाह देती हैं। पिछले दो वर्ष वह शेयर बाजार में निवेश कर रही हैं। चार जनवरी को उन्होंने फेसबुक पर शेयर बाजार से संबंधित एक विज्ञापन देखा। निवेश में अच्छा मुनाफा देख उन्होंने विज्ञापन पर क्लिक कर दिया। कुछ देर बाद ही उन्हें आईसीआईसीआई आईआर टीम नाम के एक व्हाट्सअप ग्रुप से जोड़ दिया गया।
18 मार्च तक उन्होंने कोई निवेश नहीं किया और ग्रुप पर हो रही गतिविधि देखती रहीं। ग्रुप में शामिल अन्य लोग अपने निवेश पर होने वाले मुनाफे के बारे में ग्रुप में बातें करते थे। काफी लोगों को अच्छा मुनाफा कमाते देख उन्होंने भी निवेश करने के लिए सहमति जाहिर की। ठगों ने उन्हें इन्वेस्टमेंट एकेडमी नाम के एक अन्य व्हाट्सअप ग्रुप से जोड़ दिया। पहले वाले ग्रुप की एडमिन करीना राजपूत ने उन्हें एक लिंक भेजकर आईसी ऑरगन मैक्स नाम का मोबाइल ऐप डाउनलोड कराया। इसके बाद लॉग-इन आईडी देकर बैंक संबंधित जानकारी मांग ली। आरोपियों ने उनके पास कई कंपनियों के बैंक खाते की जानकारी भेजी।
एक सप्ताह में साढ़े सात करोड़ का किया निवेश
प्रियांशी गुप्ता ने 19 मार्च को आरोपियों द्वारा भेजे बैंक खाते में एक लाख रुपये भेज दिए। दो दिन में उन्हें काफी मुनाफा दिखाया दिया। कमाई होती देख 21 मार्च को 60 लाख रुपये और निवेश कर दिए। इसके बाद वह आरोपियों के चंगुल में फंसती चली गईं। आरोपी हर बार उन्हें ऑनलाइन मोटा मुनाफा दिखा रहे थे। कमाई के लालच में आकर उन्होंने अपने व माता-पिता के बैंक खाते से 18 मार्च से 26 मार्च के बीच सात करोड़ 59 लाख रुपये निवेश कर दिए। मुनाफे के साथ कमाई के पैसों को वापस पाने के चक्कर में वह हर बाद और निवेश करती चली गईं। पैसा निकालने का दबाव देने पर आरोपियों ने ग्रुप पर गतिविधियां बंद कर दीं। ठगी का अहसास होने पर उन्होंने साइबर थाना सेंट्रल में शिकायत दी। साइबर थाना सेंट्रल प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।