फरीदाबाद। कोरोना काल में पढ़ाई का शेड्यूल टूटा लेकिन दाखिले की मारामारी अब भी उतनी ही बरकरार है। छह सितंबर को एमडीयू संबंद्ध कॉलेजों में आवेदन का आखिरी दिन रहा। कॉलेजों को मिले आवेदन में एक सीट पर चार छात्रों ने दावेदारी की है। 9170 यूजी सीटों पर 35000 आवेदन मिले हैं।
पारंपरिक कोर्स का रुझान भी इस बार कम नहीं हुआ है। ज्यादातर आवेदन बीए, बीकॉम और बीसीए जैसे कोर्स में ही किए गए हैं। हॉट सीट के रूप में एक बार फिर बीए-बीकॉम जैसे कोर्स ही उबर कर आए हैं। आठ सितंबर तक छात्र दस्तावेज सत्यापन करा सकेंगे। 11 को कॉलेज दाखिले की पहली मेरिट सूची जारी होगी। पहली मेरिट में जगह बनाने वाले छात्रों को 15 सितंबर तक ही दाखिला शुल्क भुगतान का समय मिलेगा। इसके बाद निदेशालय स्तर से पहली मेरिट के लिए ब्लॉक की गई सीट फिर से दूसरी मेरिट के दाखिलों के लिए ओपन होंगी।
दस कॉलेजों में होने हैं दाखिले
प्रदेश में 196764 आवेदन किए गए हैं। इसमें से 171108 आवेदन कर्ताओं के दस्तावेज सत्यापित हो चुके हैं। वहीं, जिले में कुल दस कॉलेजों में दाखिले के लिए करीब 35 हजार आवेदन मिले हैं। इसमें जिले के कुल दस कॉलेजों में यूजी (स्नातक कोर्स) की मात्र 9170 सीटें हैं। ऐसे में एक सीट पर चार दावेदार हैं। दाखिला प्रक्रिया का पहला दौर आवेदन विंडो बंद होने के साथ पूरा हुआ। अब दाखिला प्रक्रिया की शुरुआत पहली मेरिट के साथ होगी।
कॉलेज प्राप्त आवेदन सीट आवेदन हॉट सीट
1.श्रीमति सुषमा स्वराज राजकीय कॉलेज 260- 975 बीए
2. अग्रवाल कॉलेज 1760- 5258 बीए-बीकॉम
3. खेड़ी गुजरान राजकीय कॉलेज 320- 1117 बीए
4. तिगांव राजकीय कॉलेज 660- 721 बीए-बीकॉम
5. राजकीय महिला कॉलेज 640-2959 बीए-बीकॉम
6. नचौली राजकीय कन्या कॉलेज 240-172 बीए
7. पं जवाहर लाल नेहरू राजकीय कॉलेज 2020-14725 बीए-बीकॉम
8. डीएवी शताब्दी कॉलेज 1700 -6007 बीए-बीकॉम
9. राजकीय कन्या कॉलेज बल्लभगढ़ 260- 975 बीए-बीकॉम
10. केएल महता महिला कॉलेज 1310- 2091 बीए-बीकॉम
कॉलेजों में दाखिला आवेदन काफी अधिक है। दाखिले की कड़ी टक्कर है। छात्र अपना नाम मेरिट सूची में आते ही सीट सुनिश्चित करें।
- डॉ. एमके गुप्ता, प्राचार्य, पं. नेहरू राजकीय कॉलेज