दिल्ली इंदिरा गांधी एयरपोर्ट के बाहर पत्नी के साथ खुशिया बांटते निशानेबाज सिंहराज अधाना ।
- फोटो : Faridabad
बल्लभगढ़। पैरालंपिक मुकाबलों में स्वर्ण और रजत जीतकर सोमवार को स्वदेश लौटे मनीष नरवाल व सिंहराज अधाना के परिजन बेटों से मिलने दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे। उन्होंने दोनों पदक वीरों से मिलने की खास तैयारी की थी। मनीष की मां संतोष ने उनके लिए चूरमा बनाया। वहीं, निजी स्कूल संचालक व पैरालंपिक सिंहराज के स्वागत में परिवार सहित उनके दोनों स्कूलों के विद्यार्थी भी पहुंचे। दोनों पदकवीर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने के बाद बृहस्पतिवार नौ सितंबर को घर लौटेंगे।
सिंहराज 10 मीटर एयर पिस्टल मुकाबले में पहले ही रजत लेकर जीत का स्वाद चख चुके थे। खेल जगत के सर्वश्रेष्ठ तीन पदक जीतने की खुशी शनिवार को जिले के दो पड़ोसी गांव में दिखी। अगले दिन रविवार को भी त्योहार सा उत्सव दोनों गांवों में दिखाई दिया। सोमवार को स्वदेश लौटे खिलाड़ियों व परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। सिंहराज ने माथा चूम कर मनीष को जीत की बधाई दी थी। यह फोटो सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियों में रही।
परिवार में जश्न, बधाई देने वालों का जमावड़ा
सिंहराज के भाई उधम सिंह ने बताया कि सोमवार सुबह से ही पूरा परिवार तैयारी में जुटा था। दोपहर दो बजे सभी लोग अपने-अपने घरों से निकल गए। परिजनों ने तिरंगे झंडे के साथ पदकवीर के आने की तैयारी कर ली थी। वहीं, मनीष के पिता दिलबाग नरवाल ने बताया कि ईष्ट देव का मनन कर बेटे से मिलने पहुंचे। मां का मन था कि बेटा मिलते ही चूरमा खाए। ऐसे में उन्होंने चूरमा बनाकर तैयार कर लिया। खास पलों को कैमरे में कैद करने के लिए वीडियोग्राफर की बुकिंग भी परिवार ने की। पोते को स्वदेश लौटते देखने के लिए दादा भी पूरे उत्साहित रहे।