30 countries will be involved in Surajkund fair, CM has taken meeting of officials, will check tickets through online booking and bar code
चंडीगढ़/फरीदाबाद। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस बार अमृत-महोत्सव के अवसर पर सूरजकुंड में आयोजित किएजाने वाला ‘35वां सूरजकुंड इंटरनेशनल क्राफ्ट्स मेला-2022’ ऐसे भव्य एवं नव्य रूप से मनाया जाना चाहिए। जिससे हरियाणा की पहचान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर धूमकेतु की तरह चमक सके। मेला 4 से 20 फरवरी तक लगाया जाएगा। जिसमें यूनाईटेड किंगडम पार्टनर-कंट्री और जम्मू एवं कश्मीर थीम-स्टेट के तौर पर हिस्सेदारी करेंगे।
मुख्यमंत्री शुक्रवार को चंडीगढ़ में मेला की तैयारियों के सिलसिले में अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। इस मौके पर पर्यटन मंत्री कंवर पाल भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री के सामने मेला का एक ड्राफ्ट भी प्रस्तुत किया गया। इस बार विशेष बात यह होगी कि देश एवं विदेश से आनेवाले पर्यटक ऑनलाइन पार्किंग की बुकिंग कर सकेंगे ताकि उनको मेला में आते ही पार्किंग की सुविधा मिल सके। ऑनलाइन बुकिंग एक ‘सूरजकुंड मेला-एप’ के माध्यम से की जाएगी। इस एप के माध्यम से पर्यटक लोकेशन व डायरेक्शन का पता लगा सकेंगे। एडवांस पार्किंग बुकिंग से जहां भीड़ को नियंत्रित करने में आसानी होगी। बार-कोड के माध्यम से पर्यटकों की मेला में एंट्री होगी। समारोह में मुख्य अतिथि के लिए किसी वीआईपी को आमंत्रित करने बारे भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कोविड-19 के संक्रमण को ध्यान में रखते हुए इस मेला की तैयारियां जारी रखने की सलाह दी।
पर्यटन विभाग के प्रधान सचिव मनोज सिन्हा ने बताया कि मेला में भागीदारी करने के लिए अभी तक 30 देशों ने सहमति दे दी है। पिछली बार आयोजित किए गए मेला में करीब 12 लाख पर्यटक आए थे और कारीगरों ने 1,200 स्टॉल लगाई गई थी, इस बार और अधिक पर्यटक आने की उम्मीद है। सांस्कृतिक कार्यक्रमों, प्रसिद्ध गायक, एवं अन्य हस्तियों को आमंत्रित करने, मेला का प्रचार-प्रसार पर विचार-विमर्श हुआ।