नगर निगम ने चलाया अभियान, 30 बंदर भी पकड़े
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। नगर निगम पिछले कई दिनों से मीट की अवैध दुकानों व सड़क पर घूमने वाले पशुओं के खिलाफ प्राथमिकता से कार्रवाई कर रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार को अभियान चलाकर निगम की टीम ने 25 गोवंश को पकड़कर गोशाला में छोड़ने के साथ करीब 30 बंदरों को पकड़ सुरक्षित स्थान पर छुड़वाया।
नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा के निर्देश पर नगर निगम की पब्लिक हेल्थ की टीम ने विशेष कार्रवाई करते हुए सेक्टर 7, जीवन नगर, गोंछी सहित अन्य स्थानों से गोवंश को पकड़ा है। सभी को गोशाला में छुड़वा दिया गया है।
निगम के स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नीतीश परवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि पकड़े गए गोवंश को गोशाला में सुरक्षित भिजवाया गया। यह कार्रवाई निगम की टीम व गो मानव सेवा ट्रस्ट के सहयोग से की गई। गोवंश को श्री गोपाल गोशाला और मवई गोशाला में पहुंचाया गया है। उन्होंने बताया कि यह अभियान नियमित रूप से जारी रहेगा और सड़क पर लावारिस पशु छोड़ने वालों पर निगम की ओर से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
नीतीश परवाल ने बताया कि जब गोवंश को पकड़ा तो कुछ पशु घायल अवस्था में मिले। घायल पशुओं को देवाश्रय में पहुंचाया गया है जहां डॉक्टर द्वारा उनका इलाज कराकर उन्हें गोशाला भिजवाया जाएगा।
बंदरों को सुरक्षित स्थान पर छोड़ा
वहीं निगम की टीम की तरफ से अभियान चलाकर बंदरों को पकड़ने का काम भी किया गया है। टीम ने जाल बिछाकर सेक्टर 12, एनआईटी 1 नंबर और सैनिक कॉलोनी से 30 बंदरों को भी पकड़कर सुरक्षित स्थान पर छोड़ा। लोगों की तरफ से लगातार बंदरों की शिकायत दी जा रही थी।