नोएडा के थाना सेक्टर 142 में स्थित सुपरटेक इको सिटी के टावर ओ में 19वीं मंजिल पर प्लैट संख्या 1902 निवासी राजकुमार ममतानी (69) ने टावर से छलांग लगा दी। जान देने से पहले उन्होंने पत्नी प्रेरणा के पैर छूकर माफी मांगी थी।
राजधानी दिल्ली से सटे नोएडा सेक्टर 137 में शुक्रवार की सुबह 19वीं मंजिल से कूदकर बुजुर्ग ने आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि वह काफी समय से बीमार चल रहे थे। सुसाइड से पहले उन्होंने अपनी पत्नी के पैर छूकर माफी मांगी और छलांग लगा दी। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले जांच में जुट गई है।
विज्ञापन
मामला नोएडा के थाना सेक्टर 142 का है। यहां सेक्टर 137 में स्थित सुपरटेक इको सिटी के टावर ओ में 19वीं मंजिल पर प्लैट संख्या 1902 निवासी राजकुमार ममतानी (69) अपनी पत्नी प्रेरणा ममतानी के साथ रहते थे। वह काफी समय से बीमार चल रहे थे। इनकी दो बेटियां दिल्ली में रहती हैं व बेटा मुंबई में रहता है।
शुक्रवार सुबह करीब छह बजे राजकुमार ने अपने प्लैट की बालकनी से कूदकर आत्महत्या कर ली। जान देने से पहले राजकुमार ने अपनी पत्नी प्रेरणा के पैर छूकर कहा था कि मुझे माफ कर दो। इसके बाद उन्होंने टावर से छलांग लगा दी। मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं डिप्रेशन के चलते आत्महत्या करने की आशंका जताई जा रही है।