गुड़गांव जिले के घामड़ौज गांव में अय्याश बाबा का खुलासा हुआ है। गांव में बने आश्रम में 45 वर्षीय बाबा आध्यात्म और योग सिखाने के बहाने एक नाबालिगा को यौन शोषण का शिकार बना रहा था।
भोंडसी थाना पुलिस ने बाबा के आश्र्रम को सील कर उसके खिलाफ दुष्कर्म व पास्को एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया। पुलिस आरोपी बाबा को एक दिन का पुलिस रिमांड लेकर छानबीन करने में जुटी है।
घामड़ौज गांव से करीब एक किमी दूरी पर आरोपी राजस्थान के भरतपुर जिले के करौली गांव निवासी बाबा विष्णु चैतन्य (45) ने जीवनदास समृति वन आश्रम बना रखा है।
धमकी देकर बाबा ने किया यौन शोषण
करीब तीन सालों से वह यहां आसपास के बच्चों को आध्यात्म और योग सीखा रहा था। गांव के एक परिवार की 15 वर्षीय पीड़िता भी पिछले नौ महीने से आश्रम में बाबा से योगा सीखने जाती थी।
करीब आठ महीने पहले आरोपी बाबा ने बच्ची को बहला-फुसला उसके साथ यौन शोषण किया जिसके बाद वह लगातार उसे अपना शिकार बना रहा था। इतना ही नहीं,बाबा ने बच्ची को जान से मारने की धमकी देकर इतना डराया कि उसने बाबा का यह राज किसी को नहीं बताया।
लगातार यौन शोषण के शिकार से बच्ची मानसिक रूप से परेशान रहने लगी। शनिवार रात को उसकी मां ने उससे प्यार से पूछा तो पीड़िता ने रोते हुए सारी आपबीती सुना दी।
आश्रम में छापेमारी कर गिरफ्तार कर लिया बाबा
बाबा की हकीकत सामने आने के बाद परिजन रविवार को पुलिस के पास पहुंचे। भोंडसी थाना पुलिस ने आरोपी बाबा के खिलाफ दुष्कर्म समेत पोस्को एक्ट का मामला दर्ज करते हुए रविवार सुबह आश्रम में छापेमारी करते हुए बाबा को गिरफ्तार कर लिया।
ढोंगी बाबा के भंडाफोड़ के बाद सैंकड़ों की संख्या में ग्रामीण आश्रम के आसपास इकट्ठा हो गए। जिसके बाद पुलिस ने यहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम कर दिए है।
शुरूआती जांच में अभी एक पीड़िता से यौन शोषण का मामला सामने आया है हालांकि आशंका जताई जा रही है कि बाबा ने यहां आने वाली बच्चियों को भी यौन शोषण का शिकार बनाया है। ड्यूटी मजिस्ट्रेट से एक दिन की रिमांड पर लेने के बाद आरोपी बाबा से पूछताछ की जा रही है।