फरीदाबाद के बल्लभगढ़ सेक्टर-सात थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने ससुराल वालों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज करवाया है। आरोप है कि बृहस्पतिवार को भी उसके साथ मारपीट की गई।
किसी तरह वह अपनी जान बचाकर अपने ससुराल से भागी और मामले की शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सेक्टर-सात निवासी भूषण कुमार की बेटी चेतना से उसके ससुराल वालों ने बृहस्पतिवार को झगड़ा करना शुरू कर दिया।
पति चंदन, ससुर सुरेश एवं सास दमायंती ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि ससुराल वालों की प्रताड़ना से परेशान होकर वह मौका देखकर भागकर अपने मायके आ गई।
चेतना ने बताया कि चार साल पहले उसकी शादी सेक्टर-82 नोएडा निवासी चंदन के साथ हुई थी। शादी के दौरान उसके घरवालों ने स्पष्ट कर दिया था कि वह दहेज नहीं देंगे।
उस समय तो ससुरालवालों ने कोई आपत्ति नहीं जताई। लेकिन बाद में उसे परेशान करना शुरू कर दिया। जांच अधिकारी एएसआई कृष्ण ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों के खिलाफ जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।