मेट्रो स्टेशन पर पहुंचे डीएमआरसी एमडी
- फोटो : डीएमआरसी
दिल्ली मेट्रो की पिंक लाइन पर गोकुलपुरी स्टेशन पर हुए हादसे के बाद मेट्रो प्रशासन सख्त हो गया है। डीएमआरसी के एमडी डॉ. विकास कुमार शुक्रवार रात निरीक्षण पर पिंक लाइन के एलिवेटेड स्टेशनों पर गए और निरीक्षण एवं रखरखाव कार्य के लिए नियुक्त कर्मचारियों से बातचीत की और काम की समग्र प्रगति के बारे में जानकारी ली।
इससे पहले विकास कुमार ने शुक्रवार को गोकुलपुरी में हुई घटना के संबंध में सभी संबंधित विभागों के प्रमुखों के साथ समीक्षा बैठक की। प्रबंध निदेशक ने निर्देश जारी किए कि ऐसी घटनाओं से बचने के लिए पिंक लाइन पर सभी एलिवेटेड स्टेशनों पर लगाए गए पैरापेट का विस्तार से निरीक्षण किया जाए।
उन्होंने कहा कि अगर किसी स्टेशन पर किसी सुधारात्मक कार्रवाई की आवश्यकता है, तो उसे संबंधित स्थलों की स्थिति के आधार पर विस्तृत विधि विवरण बनाने के बाद किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर स्टेशनों पर कोई सुधारात्मक कार्रवाई की जानी है, तो कार्य करते समय यात्रियों और लोगों को कम से कम असुविधा होनी चाहिए। सभी आवश्यक सुरक्षा सावधानियां पर्याप्त रूप से बरती जानी चाहिए। डीएमआरसी द्वारा आंतरिक समीक्षा पहले ही शुरू कर दी गई है। प्रबंध निदेशक ने व्यक्तिगत रूप से स्थिति का जायजा लेने के लिए अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ गोकुलपुरी स्टेशन का भी दौरा किया।