उत्तर-पूर्वी दिल्ली के भजनपुरा इलाके में एक युवक ने अपनी दोस्त की गर्दन में चाकू घोंप दिया। गंभीर हालत में पीड़ित परवेज अली (29) को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया गया। बेचारे परवेज का कसूर सिर्फ इतना था कि वह आरोपी यूसुफ की पूर्व पत्नी से जाकर मिल लिया था। इसी बात पर आरोपी भड़क गया और उसने वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक पीड़ित परवेज परिवार के साथ नॉर्थ घोंडा, सुभाष मोहल्ला, भजनपुरा में रहता है। उसका स्टील व लोहे के गेट बनाने का काम है। वहीं परवेज का दोस्त यूसुफ अपने परिवार के साथ न्यू उस्मानपुर इलाके में रहता है। यूसुफ का उसकी पत्नी आफरीन से तलाक हो चुका है। आफरीन मानसरोवर पार्क इलाके में रहती है।
वहीं यूसुफ का दोस्त परवेज और आफरीन पहले से एक दूसरे को जानते हैं। शनिवार को परवेज आफरीन से मिलने उसके घर चला गया। यूफुफ को इसका पता चला तो वह भड़क गया। रविवार को आरोपी परवेज केपास पहुंचा। वहां उसने पूर्व पत्नी से मिलने का कारण पूछा। बातचीत के दौरान ही आरोपी ने परवेज के गले में चाकू घोंप दिया। इसके बाद आरोपी फरार हो गया। परवेज को अस्पताल में भर्ती कराया गया।