दीपावली को लेकर दिल्ली के सभी प्रमुख व अन्य बाजारों में रौनक देखी जा रही है। शुक्रवार को धनतेरस पर बाजारों में जबरदस्त भीड़ उमड़ी थी। बाजारों में भीड़ को देखते हुए दिल्ली पुलिस हाई अलर्ट पर है। सभी जिलों की पुलिस अपने-अपने क्षेत्रों के प्रमुख बाजारों में फ्लैग मार्च निकालकर मौजूदगी दर्ज करा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं।
त्योहारों पर दिल्ली हमेशा आतंकियों के निशाने पर रही है। ऐसे में राजधानी के सबसे व्यस्ततम और भीड़-भाड़ वाली पुरानी दिल्ली के विभिन्न बाजारों में पुलिस की तरफ से कड़ी निगरानी रखी जा रही है। पुलिस द्वारा हर जगह सीसीटीवी कैमरों से नजर रखी जा रही है। मोर्चा और मचान बनाकर पुलिस की तैनाती की गई है। स्निफर डॉग्स की मदद से भी निगरानी रखी जा रही है। दीपावली को देखते हुए अलग-अलग जिलों की पुलिस ने अर्धसैनिक बलों के जवानों को भी मंगवाया है, इनकी चिन्हित किए गए जगहों पर तैनाती भी की गई है।
सबसे ज्यादा भीड़ वाले सदर बाजार की कई मार्केट के साथ चांदनी चौक, लाहौरी गेट के अलावा मध्य दिल्ली के पहाड़गंज, नबी करीम, कमला मार्केट, दक्षिण दिल्ली के ग्रेटर कैलाश, लाजपत नगर, सरोजिनी नगर, पश्चिमी दिल्ली के राजौरी गार्डन और तिलक नगर समेत अन्य बाजारों में स्थानीय पुलिस मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन के साथ मिलकर लगातार कोऑर्डिनेशन बनाए हैं।
डीसीपी नॉर्थ मनोज कुमार मीणा ने कहा कि आई एंड इयर स्कीम के तहत सदर बाजार में 1280 कैमरों की मदद से निगरानी रखी जा रही है। मुख्य जगहों पर जांच के लिए डीएफएमडी गेट लगाया गया है। पुलिसकर्मी मार्केट में गश्त कर रहे हैं। मार्केट एसोसिएशन ने भी अपने स्तर पर गार्ड की तैनाती की हुई है।