कापसहेड़ा इलाके में बेखौफ बदमाशों ने दो दुकानदारों को गोली मारने की धमकी देकर गल्ले से नकदी लूटकर फरार हो गए। एक वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। बाइक से भागने के दौरान यातायात पुलिस ने चालान के लिए उनको रोक लिया। इस दौरान दो बदमाश वहां से फरार हो गए।
बाद में फरार हुए दो बदमाश को पालम थाना पुलिस ने दबोच लिया। इस दौरान बदमाशों ने पुलिसकर्मियों को गोली मारने की धमकी दी। गिरफ्तार तीनों बदमाश नूंह, मेवात के रहने वाले हैं। बदमाशों के कब्जे से पुलिस ने तीन पिस्टल, नकदी और चोरी की बाइक बरामद कर ली।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना शुक्रवार शाम की है। कापसहेड़ा निवासी मनीष कुमार की फोटोकॉपी और मनी एक्सचेंज की दुकान है। शुक्रवार शाम उसकी दुकान पर तीन युवक आए और आधार कार्ड से पैसे निकालने की बात कही। मनीष के मना करते ही बदमाशों ने गोली मारने की धमकी देकर गल्ले में 25 हजार रुपये निकाल लिया।
पुलिस मामले की जांच कर रही थी कि बदमाश वहां से बिजवासन की एक परचून की दुकान पर पहुंचे। इरेंद्र अपने घर में ही परचून की दुकान चलाता है। बदमाशों ने दुकान पर बैठे उसके साले को गोली मारने की धमकी दी और गल्ले में रखे 4 हजार रुपये निकाल कर फरार हो गए। तीनों बदमाश बाइक से द्वारका की ओर भागे।
द्वारका सेक्टर 10 के पास यातायात पुलिस ने जांच के लिए उन्हें रोका। दो आरोपी वहां से भाग गए। शक होने पर यातायात पुलिसकर्मियों ने एक को दबोच कर उसकी तलाशी ली। उसके पास से पिस्टल और 67 सौ रुपये मिले। पूछताछ में उसने बताया कि तीनों कापसहेड़ा से लूटपाट कर भागे हैं। गिरफ्तार बदमाश की पहचान नूंह मेवात निवासी मोहम्मद वकील जबकि फरार बदमाशों की पहचान वसीम और तंजीर के रूप में हुई। वहां से भागे बदमाश पालम पहुंचे जहां उनपर गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों की नजर पड़ी। पुलिसकर्मियों को देखकर बदमाश अपना रास्ता बदलकर भागने लगे। जिन्हें पुलिसकर्मियों ने पीछा कर दबोच लिया। दोनों बदमाशों ने पुलिसकर्मियों पर पिस्टल तान दिया। लेकिन गोली चलाने से पहले ही पुलिसकर्मियों ने दबोच लिया। इनके पास से दो पिस्टल और रकम मिली।