गोयल ने दावा किया कि कुतुब मीनार विष्णु स्तम्भ है। इसे राजा विक्रमादित्य ने बनाया था, लेकिन बाद में कुतुबुद्दीन ऐबक ने इसका श्रेय लेने का दावा किया। इस परिसर में 27 मंदिर थे, जिन्हें नष्ट कर दिया गया। इन सबके प्रमाण उपलब्ध हैं। उन्होंने मांग की कि कुतुब मीनार को विष्णु स्तम्भ कहा जाए। सभी मूर्तियों को एक जगह रखा जाए और पूजा करने का अधिकार दिया जाए। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय पर्यटन मंत्री जी किशन रेड्डी को भी इस संबंध में ज्ञापन दिया है।
अनुमति नहीं लेने पर हिरासत में लिया
दक्षिण जिला डीसीपी बेनीटा मेरी जैकर ने बताया कि कुतुब मीनार परिसर में हनुमान चालीसा पढ़ने की अनुमति नहीं दी गई थी। पाठ करने के लिए यूनाइटेड हिंदू फ्रंट और राष्ट्रवादी शिवसेना के 50 लोग कुतुब मीनार परिसर पहुंचे थे। पुलिस ने 44 लोगों को हिरासत में ले लिया था। सभी के खिलाफ 65 दिल्ली पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। देर शाम सभी को छोड़ दिया।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने नाम हटाने के लिए एनडीएमसी को पत्र लिखा
दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने अब नई दिल्ली इलाके की सड़कों के नाम बदलने की मुहिम शुरू की। उन्होंने सड़कों से मुगल शासकों के नाम हटाकर वीर सपूतों और संतों के नाम पर करने की मांग की है।
आदेश गुप्ता ने एनडीएमसी के चेयरमैन सहित मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को पत्र लिखकर कहा है कि गुलामी के प्रतीक रहे नामों का शीघ्र ही संज्ञान लेकर उन्हें बदला जाए। उन्होंने कहा कि खालसा पंथ की स्थापना करने वाले गुरु गोविन्द सिंह जैसी महान विभूति को श्रद्धांजलि देने के लिए नई दिल्ली स्थित तुगलक रोड का नाम बदलकर गुरु गोविंद सिंह मार्ग किया जाए।
इसी तरह अकबर रोड का नाम बदलकर महाराणा प्रताप मार्ग, हुमायूं रोड का नाम बदलकर महर्षि वाल्मीकि रोड, शाहजहां रोड का नाम सीडीएस जनरल बिपिन सिंह रावत, औरंगजेब लेन का नाम डॅा. एपीजे अब्दुल कलाम लेन, बाबर लेन का नाम खुदीराम बोस लेन करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में इस तरह का बदलाव आजादी के 75वीं वर्षगांठ पर देश के उन वीर सपूतों के लिए सच्ची श्रद्धांजलि होगी, जिन्होंने हंसते-हंसते कुर्बानी दे दी। गुप्ता ने कहा कि हमारी मुहिम को हिंदू-मुस्लिम के चश्में से न देखा जाए, क्योंकि यह दिल्ली के आम नागरिकों की भावना है। इससे पहले उन्होंने एक समुदाय से नाम जुड़े होने के कारण 40 गांवों के नाम बदलने की पहल की थी।
बुलडोजर चलाने में विफल भाजपा अब नाम बदलवाने में जुटी : कांग्रेस
नई दिल्ली। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चौ. अनिलकुमार ने आरोप लगाया है कि भाजपा अतिक्रमण हटाने के लिए दिल्ली नगर निगम पर दबाव बनाकर गरीब लोगों के घरों पर नफरत का बुलडोजर चलवाने में लगी है। इस मामले में राजनीतिक लाभ नहीं मिलने पर भाजपा अब गांवों और सड़कों का नाम बदलवाने में लग गई है। वह राजधानी में शांति, सद्भाव और सौहार्द को बिगाड़कर साम्प्रदायिक तनाव फैलाना चाहती है।
उन्होंने कहा कि भाजपा दिल्ली के गांवों और सड़कों के नाम बदलने की बजाय गांवों की सूरत बदलकर विकास की मिसाल साबित करे, परंतु उसने पिछले 15 वर्षों में भ्रष्टाचार के सिवा कुछ नहीं किया। उन्होंने सेंट्रल विस्टा में बन रहे संसद भवन का नाम पूर्व राष्ट्रपति भारत रत्न डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के नाम पर रखने की मांग की।