आरोपी ने पत्नी के बिना बताए घर से जाने की दर्ज कराई थी गुमशुदगी
दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार चंदन कॉम्पलेक्स वाली गली, असोला गांव दिल्ली निवासी सुनील ने 26 जून को पत्नी के गायब होने की गुमशुदगी की रिपोर्ट मैदानगढ़ी थाने में दर्ज कराई थी। पति ने शिकायत में कहा था कि उसकी पत्नी 13 जून को घर से बिना बताए चली गई।
जांच में पति की भूमिका पुलिस को लगी संदिग्ध
मामले में जांच अधिकारी इंस्पेक्टर संदीप मलिक को सुनील की भूमिका संदिग्ध लगी। इंस्पेक्टर संदीप मलिक ने सुनील से कड़ाई से पूछताछ की तो उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया। सुनील ने बताया कि उसकी पत्नी हेमलता (25) बहुत ज्यादा शराब पीती थी। वह शराब पीकर घर से निकल जाती थी। सुनील को संदेह था कि उसकी पत्नी के अवैध संबंध हैं। ऐसे में उसने पत्नी की हत्या करने की साजिश रची।
असौला भाटी के जंगल में पत्नी को ले जाकर वारदात को दिया अंजाम
आरोपी पति अपने भाई छोटू के साथ पत्नी को रिक्शे में बैठाकर असौला भाटी के जंगल में ले गया। यहां पर सुनील ने हेमलता की गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के दौरान छोटू ने हेमलता के हाथ-पैर पकड़े थे। उसके बाद हेमलता के शव को खाई में फेंक दिया था। शव खाई में बीच में ही झाड़ियों में अटक गया था। इसके बाद आरोपी घर आ गए।
जब सुनील को पता लगा कि उसके ससुरालीजनों ने उसके खिलाफ बुलंदशहर, यूपी में मामला दर्ज कर दिया है तो उसने बचने के लिए मैदानगढ़ी में पत्नी के गायब होने की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी। इंस्पेक्टर संदीप मलिक की देखरख में एएसआई पंकज राजौरा व हवलदार सुखबीर की टीम ने सुनील को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर हेमलता का शव बरामद कर लिया गया है। सुनील साप्ताहिक बाजार में दुकान लगाता था और उसे दो बच्चे हैं।