मसूरी थाना क्षेत्र अंतर्गत नाहल गांव के जंगल में मुर्गी फार्म पर फार्म के मालिक का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिला। मृतक का बड़ा भाई शहजाद सुबह फार्म पर पहुंचा तो चारपाई पर शाहनवाज मृत अवस्था में पड़ा था। शहजाद ने पुलिस और परिजनों को सूचना दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के ममेरे भाई ने पुलिस को तहरीर दी है। तहरीर के आधार पर पुलिस आगे की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसा, मसूरी थाना क्षेत्र के नाहल गांव में रहने वाले शहजाद और शाहनवाज दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे के पास जंगल में अपने खेत में मुर्गी फार्म बना रखा है। मृतक शाहनवाज के भाई ने शहजाद ने बताया कि आजकल फार्म में मुर्गीयां नहीं थी, शाहनवाज और शहजाद रात को मुर्गी फार्म हाउस पर ही सोते थे। गुरुवार रात शहजाद घर पर रूक गया और शाहनवाज रात में अकेला ही फार्म पर सोया हुआ था। शाहनवाज दोनों पैरों से दिव्यांग था और उसकी शादी भी नहीं हुई थी।
शुक्रवार सुबह बड़ा भाई शहजाद फार्म पर पहुंचा तो वहां चारपाई पर शाहनवाज मृत अवस्था में उल्टा पड़ा हुआ था। शहजाद ने काफी हिलाया-डुलाया, लेकिन उसमें सांस नहीं थी। तब शहजाद ने अपने घरवालों और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा। मृतक के ममेरे भाई प्रधान कामिल निवासी ग्राम मदापुर ने पुलिस को तहरीर दी है।
एसीपी नरेश कुमार सिंह ने बताया कि नाहल गांव के जंगल में मुर्गी फार्म हाउस पर नाहल निवासी शाहनवाज (35) का शव पड़ा होने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक के शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं है। सम्भवतः किसी जहरीले कीड़े ने काठ लिया हो। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौत का स्पष्ट कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर पता चल पायेगा। मृतक चार भाईयों में तीसरे नंबर का था। वह दोनों टांगों से अपाहिज था और शादी भी नहीं की थी।