चंद्रपुरी कॉलोनी में प्रीति (22) की सोमवार देर रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने आरोपी पति विकास को गिरफ्तार कर लाइसेंसी रिवाल्वर बरामद कर ली है।
मृतका के भाई राजेश ने विकास के अलावा सास, ससुर, देवर और ननद पर दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। हालांकि विकास का कहना है कि प्रीति ने कहासुनी होने पर माथे में गोली मारकर सुसाइड किया है।
उसने आत्महत्या से पहले उसे मोबाइल पर मैसेज भेजा था। उसने पुलिस को घटना की सूचना दी तो पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
प्रीति बुलंदशहर के आजमपुर-हुसैनपुर गांव निवासी देवी सिंह की बेटी थी। उसकी शादी सात मार्च 2014 को चंद्रपुरी कॉलोनी निवासी स्टेशनरी कारोबारी श्यौपाल सिंह के बेटे विकास से हुई थी। दोनों के पांच माह की बेटी पाखी है।
प्रीति के भाई योगेश ने बताया कि शादी के दो माह बाद ही प्रीति से ससुराल वाले लग्जरी कार की मांग करते थे। दहेज में कार न मिलने से नाराज ससुरालवाले उसे जान से मारने की धमकी देते थे।
इसकी शिकायत प्रीति ने मायके वालों से की थी। एसएचओ कोतवाली धीरेंद्र सिंह ने बताया कि आरोप है कि सोमवार देर रात विकास ने पिता की लाइसेंसी रिवाल्वर से प्रीति के माथे में गोली मारकर उसकी हत्या कर दी।
इसके बाद प्रीति के मामा धर्मेंद्र को कॉल कर बताया कि प्रीति ने खुद को गोली मार ली है। मामा ने इसकी सूचना प्रीति के परिजनों को दी, परिजन प्रीति के ससुराल पहुंचे तो वहां कोई नहीं मिला।
एमएमजी अस्पताल पहुंचने पर ऑटो में प्रीति की लहूलुहान लाश मिली। प्रीति के पति विकास, देवर आकाश, सास सुमन, ससुर श्यौपाल सिंह और ननद पूजा के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।