पुलिस ने जेएनयू छात्रसंघ अध्यक्ष व देशद्रोह के आरोपी कन्हैया और उमर खालिद की हत्या के लिए बस में हथियार रखने के मामले में तीन आरोपियों को पकड़ा है।
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उनका उद्देश्य कन्हैया व उमर खालिद को डराना था न कि उनकी हत्या करना था। आरोपी मेरठ से पिस्टल व कारतूस लेकर आए थे। बताया जा रहा है कि आरोपी प्रचार भी पाना चाहते थे।
गौरतलब है कि जेएनयू जाने वाली रूट नंबर 615 की डीटीसी बस में इंडिया गेट के पास पिस्टल व चार कारतूस मिले थे। हथियार बस की पिछली सीट पर नीचे रखे हुए थे। साथ में एक चिट्ठी भी मिली थी।
इसमें कन्हैया व उमर खालिद की हत्या करने की बात कही गई थी। साथ ही यह भी लिखा हुआ था कि हथियार कम हैं इसलिए समझदारी से काम करने का है। निशाना ठीक से लगाना है। पत्र के अंत में अमित जानी नामक शख्स का नाम लिखा हुआ था।