गुरुग्राम में ई-कॉमर्स कंपनी अमेजॉन के भांगरौला स्थित वेयरहाउस में कर्मचारी ने शातिर तरीके से दो लैपटॉप के लेबल बदलकर चोरी करने का मामला सामने आया है। कंपनी की आंतरिक जांच में खुलासे के बाद खेड़कीदौला थाना पुलिस ने आरोपी कर्मचारी के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, भांगरौला गांव स्थित कंपनी के वेयरहाउस में काम करने वाले कर्मचारी बिजेंद्र ने मई माह में दो लैपटॉप पर कंपनी की ओर से लगाए गए लेबल को बदल दिया। आरोपी ने बेहद ही शातिर तरीके से उन दोनों लैपटॉप को चोरी कर लिया।
कंपनी की ओर से जब स्टॉक मिलाया गया तो लेबल के मिलान में गड़बड़ी पाई गई। मामले की आंतरिक जांच की गई तो सारा भेद खुल गया। कंपनी के अधिकारी दिल्ली लाजपत नगर निवासी धुनकेश की शिकायत पर मंगलवार शाम को खेड़कीदौला थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। बुधवार को आरोपी को जेल भेज दिया गया।