नोएडा के सदरपुर कालोनी में तीन मोबाइल दुकानों के ताले तोड़कर चोर मोबाइल व नकदी चोरी कर ले गए।
जानकारी के मुताबिक सदरपुर कालोनी निवासी नकुल सिंह की मोबाइल की दुकान है। शनिवार रात 11 बजे दुकान बंद करके घर गए थे। सुबह जब दुकान पर पहुंचे तो ताला टूटा पड़ा था।
अंदर रखे आठ हजार रुपये व दस नए मोबाइल फोन गायब थे। इसी तरह धनंजय की दुकान से चोरों ने ताला तोड़ कर साठ नए मोबाइल फोन, 35 पुराने मोबाइल फोन व ढाई हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली।
धनंजय ने पंद्रह दिन पहले ही दुकान खोली थी। सुबह छह बजे दुकान के पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति ने फोन कर घटना की सूचना दी।
वहीं इसी मार्केट में मोनू चौहान की दुकान का ताला तोड़ कर चोर 18 मोबाइल फोन व दो हजार रुपये की नकदी चोरी कर ले गए। तीन दुकानों के ताले तोड़ कर चोरी होने की सूचना पाकर थाना सेक्टर-39 पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मौका मुआयना कर शक के आधार पर एक व्यक्ति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।