हरियाणा रणजी के पूर्व कप्तान आरपी सिंह के बेकरी ब्रांड का नाम एक महिला इस्तेमाल कर रही थी। महिला ने गूगल पर उनके ब्रांड के नाम और पते के साथ ही दिए गए फोन नंबर को बदलकर अपना मोबाइल नंबर दे दिया है।
जिससे बेकरी के नाम पर आनेवाले ऑर्डर किसी और के पास जाने लगे। सिंह ने साइबर फ्रॉड की शिकायत सेंटर फॉर साइबर क्राइम एंड इंवेस्टिगेशन (सीसीसीआई) में कर दी है। पूर्व रणजी खिलाड़ी आरपी सिंह 10 वर्षो तक नेशनल क्रिकेट मैच के अंपायर भी रहे हैं।
उनका एक बेकरी ब्रांड है जिसकी एनसीआर में कई शॉप हैं। कंपनी मालिक और गाजियाबाद निवासी आरपी सिंह का कहना है कि गूगल पेज पर उनके ब्रांड के नाम और पते के साथ ही दिए गए फोन नंबर को बदलकर फर्जीवाड़ा करने वाली सोनिया नामक महिला ने अपना मोबाइल नंबर दे दिया है।
इससे उनके यहां आने वाले ऑर्डर की आपूर्ति कोई अन्य शख्स कर रहा है। माल की खराब गुणवत्ता की शिकायत जब एक ग्राहक उनकी दुकान पर करने आया तब उन्हें इस फर्जीवाड़े का पता चला।
आरपी सिंह के मुताबिक उनकी नोएडा सेक्टर-18 की दुकान के फोन नंबर को ऑनलाइन बदलकर किसी ने अपना मोबाइल नंबर डाल दिया। ऐसे में जो आर्डर उनके पास आने चाहिए थे वह उस मोबाइल नंबर पर गए।
जिन लोगों ने यह फर्जीवाड़ा किया, उन्होंने दोगुने दाम में खराब गुणवत्ता का केक बेच दिया। पिछले दिनों एक ग्राहक उनकी दुकान पर आकर खराब केक की शिकायत करने लगा तब पैकिंग और अपने आर्डर की जांच के बाद पता चला कि उन्होंने यह माल बेचा ही नहीं है।
तब ग्राहक ने बताया कि उसने आनलाइन केक मंगाया है। इसके बाद आरपी सिंह ने उस नंबर पर फोन कर केक का आर्डर दिया। जब डिलीवरी मैन आया तो उन्होंने पुलिस को फोन कर उसे पकड़वा दिया। तब खुलासा हुआ कि सेक्टर-27 की एक दुकान से यह केक भेजा गया है।