इंद्रपुरी इलाके में बुधवार रात एक बदमाश डीटीसी बस से कंडक्टर का बैग लेकर भाग गया। कंडक्टर और ड्राइवर ने बदमाश का पीछा किया और दो युवकों की मदद से उसे दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार योगेंद्र पाल (55) बलजीत नगर में रहता है। वह डीटीसी बस में बतौर कंडक्टर काम करता है। बुधवार की रात रूट संख्या 47 पर ओखला से सवारी को लेने के बाद उसकी बस इंद्रपुरी स्टैंड पहुंची। योगेंद्र बैग से नकदी निकालकर अपने जेब में रख लिया और बैग को अपनी सीट पर छोड़कर पानी का बोतल लेने निकला।
बैग में ई-मशीन और टिकट थे। इसी दौरान एक युवक पिछले दरवाजे से चढ़ा और बैग लेकर भागने लगा। यह देख कंडक्टर और ड्राइवर हरीराम शोर मचाते हुए बदमाश के पीछे भागे। शोर सुनकर सामने से आ रहे दो युवकों ने उसे दबोच लिया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए बदमाश की पहचान नारायणा झुग्गी निवासी सुशील के रूप में हुई है।