डाबड़ी इलाके में बाइक के कार से छू जाने के बाद हो रहे झगड़े में बीचबचाव करना प्रॉपर्टी डीलर को भारी पड़ गया। कार चालक ने बाइक सवार को छोड़कर प्रॉपर्टी डीलर पर हमला कर दिया।
हमले में पीड़ित का कान कट गया। पीड़ित का अस्पताल में इलाज चल रहा है। डाबड़ी थाना पुलिस ने शिकायत पर कार चालक के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, अनिल कुमार सोलंकी (38) परिवार के साथ सीतापुरी एक्सटेंशन में रहता है। वह प्रॉपर्टी डीलर है। रविवार सुबह वह अपने घर के बाहर खड़ा था। उसकी गली के मुहाने पर एक बाइक वैगन-आर कार से छू गई। इस बात को लेकर कार चालक और बाइक सवार के बीच हाथापाई होने लगी।