दक्षिण दिल्ली के साकेत थाना इलाके में नेशनल एलिजिबिलटी एंट्रेंस टेस्ट (नीट) में रैंक कम आने पर छात्रा ने बुधवार दोपहर को फांसी लगा ली।
आईपी यूनिवर्सिटी (इंद्रप्रस्थ विवि) में काउंसलिंग बंद होने पर वह डिप्रेशन का शिकार हो गई थी। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए एम्स में रखवा दिया है। साकेत थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मूलरूप से ओडिशा निवासी सितारा (18) परिवार के साथ सेक्टर-एक, पुष्प विहार साकेत में रहती थी। परिवार में माता-पिता और छोटा भाई द्रेवश हैं।
द्रेवश आठवीं कक्षा में पढ़ता है। पिता सशस्त्र सीमा बल में सेक्शन ऑफिसर हैं। सितारा ने नीट की परीक्षा दी थी। पीएमटी में उसकी रैंक 1733 आई थी। आईपी यूनिवर्सिटी में काउंसलिंग 1500 रैंक पर ही बंद हो गई।
इससे सितारा डिप्रेशन का शिकार हो गई। बुधवार को उसके पिता-पिता चेकअप कराने अस्पताल गए थे। इस बीच बुधवार दोपहर करीब 12 बजे द्रेवश स्कूल से घर वापस आया तो घर अंदर से बंद था।
पड़ोसियों की मदद से उसने दरवाजा तोड़ा तो सितारा रस्सी के जरिये कमरे में फांसी लगा रखी थी। सितारा को मैक्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दोपहर करीब साढे़ 12 बजे इसकी सूचना साकेत पुलिस को दी गई।