एनएच तीन स्थित डीएवी कॉलेज के सामने रोडरेज की एक घटना में कार सवार लोगों ने एक दरोगा के बेटे को जमकर पीटा। उसकी बाइक छीन ली। बाद में उसे वापस कर दिया।
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।जानकारी के अनुसार एसजीएम नगर में रहने वाले एक दरोगा का बेटा सद्दाम हुसैन एक निजी कंपनी में नौकरी करता है।
शनिवार रात करीब 10 बजे वह अपनी बाइक से एनआईटी दो जा रहा था। बताया जाता है कि जब वह डीएवी कॉलेज के सामने पहुंचा तो पीछे से एक तेज रफ्तार कार बाइक के बराबर आई।
हड़बड़ाहट में सद्दाम बाइक लेकर गिर गया। उसने जब कार सवारों का विरोध किया तो कार में बैठे लोग बाहर निकल आए और उसकी जमकर पिटाई की। उसकी बाइक, पर्स और मोबाइल छीन लिया। बाद में उसे वापस कर दिया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।