गांधी नगर इलाके में अवैध रूप से चल रहे कसीनो पर मंगलवार को छापा मारकर पुलिस ने एक शख्स को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी कसीनो का केयर टेकर है। कसीनो में जुआ के अलावा शराब भी परोसी जा रही थी। कसीनो का मालिक आकाश फरार है। गांधी नगर थाना पुलिस मामला दर्ज कर उसकी तलाश कर रही है।
शाहदरा जिले की पुलिस उपायुक्त नुपुर प्रसाद ने बताया कि सूचना मिली थी कि गली नंबर-11, पुराना सीलमपुर, गांधी नगर इलाके में अवैध रूप से कसीनो चलाया जा रहा है। साथ ही यहां पर शराब भी परोसी जा रही है। एसआई पीएस रावत की टीम ने छानबीन की। जांच के लिए सिपाही कुलदीप व अमित को नकली ग्राहक बनाकर भेजा गया।
कसीनो में सिपाही कुलदीप से एंट्री के लिए 400 रुपये और शराब के 100 रुपये मांगे गए। जानकारी पुख्ता करने के बाद सिपाही अमित ने छापेमारी के लिए कहा। परिसर में रेड कर कसीनो के केयर टेकर समीर उर्फ इंसान को दबोच लिया गया। पुलिस ने नकदी और कसीनो में इस्तेमाल की जाने वाली मशीनें भी बरामद की हैं।
पूछताछ के दौरान समीर ने बताया कि पिछले काफी समय से यहां पर कसीनो चलाया जा रहा था। कसीनो का मालिक आकाश नामक शख्स है। चकरी और पासे के जरिये जुआ खेला जाता था। जुए का सारा खेल किस्मत पर आधारित था। चकरी पर लगाए नंबर निकलने पर लगाई गई रकम का दस गुना देने का वादा किया जाता था। वहीं हारने के बाद लगाई रकम को रख लिया जाता था। पुलिस केयर टेकर समीर से पूछताछ कर आकाश का पता लगाने का प्रयास कर रही है।