गोकशी की रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग को लेकर बिसाहड़ा गांव के विशाल मंदिर में आज ग्रामीण पंचायत करेंगे। पंचायत में रणनीति बनाई जाएगी। गौरतलब है कि बिसाहड़ा गांव में इकलाख की हत्या के दौरान मौके से बरामद मांस की फोरेंसिक रिपोर्ट में बीफ की पुष्टि के बाद से ही ग्रामीण रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग कर रहे हैं।
रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए गांव के लोगों ने रविवार को पहले से ही पंचायत करने का ऐलान किया हुआ है। पंचायत को लेकर जनसंपर्क किया जाता रहा है। हालांकि रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए सूरजपाल नामक व्यक्ति ने जिला न्यायालय में भी 156/3 के तहत अर्जी दे रखी है।
अर्जी पर कोर्ट में सुनवाई हो चुकी है। सुनवाई के बाद कोर्ट ने 6 जुलाई लगाई है। 6 जुलाई को कोर्ट के आदेश आने की संभावना है। मामला कोर्ट में विचाराधीन होने के बावजूद 26 जून को विशाल मंदिर पर होने वाली पंचायत में ग्रामीणों का क्या रुख होगा इसकी जानकारी करने के लिए खुफिया विभाग और पुलिस की नजर है।