फरीदाबाद के थाना भूपानी के खेड़ी पुल इलाके में बीपीटीपी के पास बुधवार सुबह 55 वर्षीय व्यक्ति का शव बरामद हुआ।
मृतक के शरीर पर चोट के निशान पाए गए और नाक व मुंह से खून आ रहा था। परिजनों का आरोप है कि कुछ लोगों से उनकी पुरानी रंजिश चल रही है, उन्होंने ही पीट-पीट कर हत्या की है। परिजनों ने आधा दर्जन लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया है।
शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं। 55 वर्षीय सत्यवीर गांव खेड़ी कलां में अपने परिवार के साथ रहता था। मंगलवार शाम सत्यवीर घर से कुछ सामान लेने के लिए निकला था, लेकिन रात तक लौट कर नहीं आया। रात में परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
यह भी पढ़ें: सैंपल फेल होते ही बाजार से खांसी का सीरप गायब
लेकिन कुछ पता नहीं लगा, बुधवार सुबह परिजनों को पता लगा कि बीपीटीपी के निकट सेक्टर-84 इलाके में एक शव मिला है। परिजन मौके पर पहुंचे तो शव की पहचान सत्यवीर के रूप में की गई। मामले की जानकारी मिलते ही एसीपी सराय सुरेश चंद्र व थाना भूपानी इंचार्ज हंसराज पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए बीके अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया। घटना की सूचना मिलते ही मृतक सत्यवीर के परिजनों के अलावा जानकार गांव वाले भी बीके अस्पताल पहुंचे। यहां मृतक के बेटे महेश ने बताया कि उनका पूरा परिवार गांव में ही खेती करता है।
यह भी पढ़ें: बच्चों के झगड़े में बड़े भिड़े, कई जख्मी
गांव में रहने वाले टेकचंद और उसके परिवार के कई सदस्यों के साथ उनकी पुरानी रंजिश चल रही है। आए दिन टेकचंद के परिवार वाले उसके घर के सदस्यों के साथ मारपीट करते रहते है।
14 फरवरी को टेकचंद व उसके साथियों ने पिस्तौल की नोंक पर उसके चाचा राजेश, भाई नरवीर व जोगेंद्र के साथ मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। पिता सत्यवीर की हत्या गांव के टेकचंद, डाल चंद, जसवीर, सुमरी, महीपाल, महेश व उनके अन्य लोगों ने मिल कर पीट-पीट कर की है।
एसीपी सुरेश चंद ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अपराध शाखा की टीमों के साथ कई थानों की पुलिस को भी लगाया गया है।