दिल्ली से मथुरा जा रही ट्रेन में बल्लभगढ़ के चार यात्रियों पर कुछ लोगों ने चाकू से हमला कर दिया। इस हादसे में एक की मौत हो गई और तीन घायल हैं जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोप है कि कुछ लोगों के समूह को इस परिवार पर बीफ ले जाने का शक हुआ और उन्होंने परिवार पर हमला कर दिया। इस दौरान ट्रेन में लोगों की भीड़ तमाशबीन बनी खड़ी रही।
ट्रेन में यात्रा कर रहे बल्लभगढ़ निवासी जुनैद और उसके दो भाई हाशिम और शाकिर के साथ ही मोहसिन नाम के युवक ईद की खरीददारी कर दिल्ली से वापस अपने घर लौट रहे थे। आरोप है कि इस दौरान ट्रेन में ही कुछ लोगों ने उनपर बीफ ले जाने का आरोप लगाया और झगड़ा शुरु कर दिया। इस दौरान जब ट्रेन ओखला स्टेशन के पास पहुंची तो उनपर चाकुओं से हमला किया गया।
इस हमले में जुनैद को काफी गंभीर चोटें आईँ जिससे उसकी मौत हो गई। इस मामले में उसके दो भाइयों की हालत भी गंभीर है और वो अस्पताल में भर्ती हैं। मोहसिन भी घायल हो गया है। हालांकि पुलिस इस मामले को सीट के लिए हुआ झगड़ा बता रही है।