राजौरी गार्डन इलाके में एक इनोवा कार चालक से कार लूटने का मामला सामने आया है। बदमाशों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर चालक को अगवा किया और मानेसर में उसे फेंककर कार लेकर फरार हो गये। पीड़ित चालक की शिकायत पर पुलिस ने अगवा कर लूटपाट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मूलत: बिहार निवासी अखिलेश कुमार(25) सपरिवार रघुवीर नगर में रहता है। वह पेशे से ड्राइवर है और अपनी इनोवा कार चलाता है। रविवार को वह नैनीताल से सवारी को लेकर दिल्ली पहुंचा और सुभाष नगर में रहने वाले अपने दोस्त धर्मेंद्र के घर चला गया। रात में करीब 11 बजे उसे एक फोन आया और उसे बताया गया कि उत्तम नगर से सवारियों को लेकर नई दिल्ली स्टेशन छोडना है।
अखिलेश सवारियों को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन छोड़कर तड़के घर लौट रहा था। राजौरी गार्डन मार्बल मार्केट के पास रिंग रोड पर कार को रोककर पानी पीने लगा। इसी दौरान उसकी कार के पास एक स्विफ्ट कार आकर रूकी। कार से चार लोग नीचे उतरे।
चारों ने खुद को पुलिसकर्मी बताया और पूछताछ के लिए साथ चलने के लिए कहा। अखिलेश के विरोध करने पर बदमाशों ने उसे खींचकर स्विफ्ट कार में बिठा लिया। बदमाश उसे पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी जबकि एक बदमाश उसकी कार को चलाने लगा।
काफी दूर तक इधर-उधर घुमाने के बाद बदमाश उसे मानेसर के पास जंगलों में फेंक कर कार को जयपुर की तरफ लेकर चले गये। किसी तरह से जंगल से बाहर आकर उसने एक राहगीर का फोन लेकर पुलिस को घटना की सूचना दी। लेकिन मौके पर पहुंची हरियाणा पुलिस ने उसे राजौरी गार्डन थाने में शिकायत दर्ज करवाने के तलिए कहा।
अखिलेश राजौरी गार्डन थाने में पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज करवायी। पुलि स अधिकारियों ने बताया कि मामला दर्ज कर पीड़ित के बताए हुलिए के आधार पर बदमाशों की पहचान की जा रही है।