पिता की मौत के बाद से सदमे में चल रहे युवक ने सातवें माले से कूदकर आत्महत्या कर ली। युवक इसी बिल्डिंग में अपनी मां के साथ रहता था। गार्ड ने इसकी सूचना फेज-2 पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फेज-2 थाना प्रभारी शैलेंद्र प्रताप ने बताया कि मूल रूप से अमृतसर निवासी सेक्टर-93 स्थित सुपरटेक एमरल्ड कोर्ट बिल्डिंग में रोहित चोपड़ा (35) अपनी मां के साथ पांचवें माले पर फ्लैट नंबर-501 में रहता था।
उसके पिता लक्ष्मण दास चोपड़ा की अप्रैल 2015 में बीमारी के चलते मौत हो गई थी। पिता की मौत से रोहित को गहरा सदमा लगा था। सदमे की वजह से रोहित ने एमबीए की पढ़ाई बीच में ही छोड़ दी थी।
जिसके बाद से उसने इंदिरापुरम में ड्राई क्लीन की दुकान खोल ली। रोहित की मां ने बताया कि वह परेशान रहता था। ऐसे में रविवार सुबह करीब 5 बजे उसने सातवें माले से जाकर छलांग लगा दी।
मां को इसकी जानकारी तब हुई जब पुलिस मौके पर पहुंची। बता दें कि रोहित की शादी नहीं हुई थी। बेटे की मौत के बाद मां अकेली पड़ गई। उनकी एक बेटी है जो सेक्टर-50 में अपने पति के साथ रहती है।