वसंतकुंज (नार्थ) ने भाई से ही रंगदारी मांगने वाले युवक को उसके दो साथियों समेत गिरफ्तार किया है। आरोपी ने भाई से प्रति माह एक लाख रुपये की रंगदारी मांग रहा था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक पिस्टल, दो कारतूस, एक खिलौना पिस्टल, बटनदार चाकू व स्वीफ्ट कार बरामद की है।
दक्षिण जिला डीसीपी ईश्वर सिंह के अनुसार बिहार निवासी अजय कुमार ने वसंतकुंज (नार्थ) थानाध्यक्ष गगन भास्कर को दी शिकायत में कहा था कि वह महिपालपुर स्थित होटल एयरपोर्ट इंटरनेशनल में वेटर का काम करता है। चार व पांच की रात करीब डेढ़ बजे जब वह मैनेजर विकास के साथ होटल में था उसी समय तीन युवक होटल में आए। इन युवकों ने उसे व मैनेजर को पीटना शुरू कर दिया। युवकों ने उसके सिर पर पिस्टल लगाकर मीनू के बारे में पूछा। उन्होंने मोनू से एक लाख रुपये देने के लिए कहा। बाद में तीनों की पहचान विष्णु, शुक्ला और जुडी के रूप में हुई।
आरोपी जाते समय होटल का डीवीआर भी ले गए थे। एक्सर्टोशन का मामला दर्जकर एसआई कुलदीप व संदीप यादव की टीम ने तफ्तीश शुरू की। करावल निवासी देवेन्द्र उर्फ मोनू से पुलिस ने पूछताछ की तो उसने बताया कि वह होटल लाइजनिंग का काम करता है। उसकी मौसी का लड़का जबार सिंह उर्फ जुड़ी अपने दो साथियों विष्णु और शुक्ला के साथ उससे प्रति माह एक लाख रुपये की रंगदारी मांग रहा है। इस कारण वह होटल में छिपकर रह रहा था। पैसे नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दे रहा है।
पुलिस टीम ने जांच के बाद जबार सिंह उर्फ जुड़ी को पांच जून को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस टीम ने इसके दो साथी विष्णु (28) और विजय कुमार शुक्ला (25) को नैनीताल से गिरफ्तार कर लिया। विजय एंकलेव निवासी विष्णु ने ही इस गिरोह को बनाया था और स्थानीय व्यवसायियों से रंगदारी वसूलता था।