मथुरा निवासी एक युवक ने क्षेत्र के गांव निवासी युवती से पहले राखी बंधवाकर बहन कर रिश्ता बनाया और फिर सगी बहन की शादी में बुलाकर रिश्ते को तार-तार कर दिया।
आरोपी ने पीड़िता को नशीला पेय पदार्थ पिलाकर अश्लील क्लीपिंग तैयार कर ली। इतना ही नहीं आरोपी ने ये क्लीपिंग सोशल साइट पर वायरल कर दी। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली में दर्ज कराई गई रिपोर्ट में क्षेत्र के गांव निवासी युवती ने कहा है कि मथुरा निवासी जितेंद्र व उसके पिता पहले एक साथ काम करते थे। इससे दोनों परिवारों की आपस में जान पहचान है।
पीड़िता से बंधवाता था राखी
आरोप है कि जितेंद्र पीड़िता से राखी बंधवाता था और उसकी बहन से भी पीड़िता की दोस्ती है। जितेंद्र ने कुछ माह पहले अपनी बहन के विवाह में पीड़िता को अपने घर बुलाया।
इसी दौरान आरोपी ने पीड़िता को नशीला पेय पदार्थ पिलाकर उसकी अश्लील क्लीपिंग तैयार कर ली। इसके बाद आरोपी पीड़िता को ब्लैकमेल करने लगा।
आरोपी ने बात न मानने पर पीड़िता की अश्लील क्लीपिंग सोशल साइट पर वायरल कर दी। इसकी जानकारी होने पर पीड़िता व उसके परिजनों ने कोतवाली पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
रिपोर्ट में दर्ज कराया आरोपी के परिजनों के नाम
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी व उसके परिजन जितेंद्र से विवाह करने के लिए उस पर दबाव बना रहे थे। वहीं, आरोपी पीड़ित पक्ष पर बात न मानने पर कई दिन से उसकी क्लीपिंग सोशल साइट पर वायरल करने की धमकी दे रहा था।
पीड़िता ने आरोपी से विवाह करने से साफ इंकार कर दिया। इसके चलते आरोपियों ने उसकी क्लीपिंग वायरल कर दी। इसके चलते पीड़िता ने जितेंद्र के परिजन पर भी आरोपी का साथ देने का आरोप लगाकर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कोतवाली प्रभारी राजवीर चौहान का कहना है कि शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच के बाद आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी।