क्रास रिवर मॉल की तीसरी मंजिल से छलांग लगाकर खुदकुशी करने वाली लड़की की पहचान हो गई है। लड़की नाबालिग है और उसके पिता यूपी पीएसी में तैनात हैं।
परिजनों का आरोप है कि लड़की को एक युवक परेशान करता था।
जिसकी वजह से वह तनाव में थी। लड़के के खिलाफ इंदिरापुरम थाने में मामला भी दर्ज करवा चुके हैं। जांच में यह बात सामने आई है कि लड़की का पुराना दोस्त उसे लगातार फोन करता था, जिस कारण परिवार वालों ने लड़की का फोन घर पर रख लिया था। इसके बावजूद लड़का उसके मोबाइल पर फोन कर रहा था।
हाल में युवक ने लड़की के साथ लिए गए कुछ फोटो को उसके वाट्सऐप पर डाल दिए थे। फोटो की वजह से लड़की काफी शर्मिंदा थी। पुलिस आशंका जता रही है कि इसी वजह से उसने यह कदम उठाया है। बृहस्पतिवार शाम को लड़की ने तीसरी मंजिल से छलांग लगाने से पहले एक पॉलिथीन बैग फेंका था। उसमें पुलिस को चूहा मारने की दवा के अलावा एक खाली बोतल मिली।