बाइकर्स का शिकार हुई एक युवती ने तीन किमी तक बदमाशों का पीछा कर अन्य लोगों की मदद से उन्हें दबोच लिया। युवती ने घायल होने केबाद भी हिम्मत नहीं हारी और बदमाशों का पीछा करती रही। थाना सेक्टर-58 पुलिस बाइकर्स को हिरासत में लेकर जांच कर रही है।
लूट की ये वारदात नंदनगरी दिल्ली निवासी कोमल गोयल केसाथ मंगलवार सुबह 11 बजे हुई। कोमल वैशाली गाजियाबाद स्थित शिप्रा मॉल में काम करती है। मंगलवार सुबह वह किसी काम से सेक्टर-63 आ रही थी। फोर्टिस अस्पताल केसामने ऑटो से उतरते वक्त पल्सर बाइक सवार दो बदमाशों ने कोमल का मोबाइल फोन लूट लिया।
इससे पहले कि बदमाश भाग पाते, कोमल ने पीछे बैठे बदमाश का कॉलर पकड़ उसे नीचे गिरा दिया। उसके गिरते ही बाइक अनियंत्रित होकर गिर पड़ी। बाइक केसाथ दोनों बदमाश और कोमल भी सड़क पर गिर गई। गिरने से कोमल को चोट भी लगी गई। बावजूद उसने हिम्मत नहीं हारी। कोमल ने मदद के लिए शोर मचाया तो बदमाश बाइक उठाकर भागने लगे।
इसके बाद कोमल ने एक राहगीर की मदद लेकर कार से बदमाशों का पीछा शुरू कर दिया। इस बीच किसी ने थाना सेक्टर-58 पुलिस को भी सूचना दे दी। कोमल कार सवार की मदद से बदमाशों का पीछा करते हुए तीन किलोमीटर दूर स्थित डी पार्क तक पहुंच गयी। यहां कार सवार ने ओवरटेक कर दोनों बदमाशों को रोक लिया। उनके रुकते ही कोमल कार से नीचे उतरी और बदमाशों को पकड़ लिया। तब तक थाना सेक्टर-58 पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस दोनों बदमाशों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।