सेक्टर-128 स्थित सुल्तानपुर गांव में रविवार रात बाइक सवार दो हमलावरों ने जिम संचालक के घर में घुसकर संचालक पर फायरिंग कर दी। एक गोली उसके पेट में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हमलावर गोली मारने के बाद फरार हो गए। परिवार वालों ने घायल अवस्था में एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, सुल्तानपुर गांव में राजकुमार त्यागी परिवार समेत रहते हैं। रविवार रात को खाना खाने के बाद सभी सोने के लिए चले गए, जबकि उनका छोटा बेटा अतुल त्यागी आंगन में टहल रहा था। इसी दौरान 10.45 बजे बाइक सवार दो हमलावर आए और घर का मेन गेट खुला होने के चलते सीधे अंदर घुस आए।
पीछे बैठे शख्स ने अतुल पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। तभी एक गोली उनके पेट में लग गई और गिर गए। फिर हमलावर बाइक पर बैठकर फरार हो गए। फायरिंग की आवाज सुनकर परिवार के लोग बाहर निकले और अतुल को पास के अस्पताल में भर्ती कराया।
पीछे बैठा शख्स भी सतीश ही था और उसी ने गोली चलाई
अतुल के बड़े भाई अंबरीश त्यागी ने बताया कि उनके परिवार का गाजियाबाद के फिरोजपुर गांव में 18 बीघे जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। 2003 में यह जमीन पिता राजकुमार त्यागी ने शौराज से खरीदी थी। इस जमीन पर वह लोग खेती कर रहे थे, लेकिन पिछले एक साल से शौराज का जमाई सतीश इस जमीन पर जबरन कब्जा करना चाह रहा है।
आरोप है कि इसी को लेकर करीब 15 दिन पहले सतीश, उसके तीन बेटों और भाई ने उन पर फिरोजपुर में खेत में पानी डालते समय तलवार से हमला कर दिया था। इस संबंध में उन्होंने गाजियाबाद के निवाड़ी थाने में मुकदमा दर्ज करवाया था। अंबरीश के अनुसार, बाइक पर पीछे बैठा शख्स भी सतीश ही था और उसी ने गोली चलाई।
वहीं बाइक चला रहे शख्स के हेलमेट पहने होने के चलते उसकी पहचान नहीं हो पाई है। एसपी सिटी दिनेश यादव का कहना है कि पीड़ित पक्ष की शिकायत पर सतीश के खिलाफ एक्सप्रेस वे थाने में हत्या के प्रयास की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।