दक्षिण जिले के महरौली इलाके में शुक्रवार रात को नाइजीरियाई युवकों के दो गुटों में झगड़ा हो गया। झगड़े में जमकर चाकूबाजी हुई। दोनों पक्षों से एक-एक युवक घायल हो गए। एम्स के ट्रॉमा सेेंटर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरे का उपचार चल रहा है।
दक्षिण जिला पुलिस ने नाइजीरिया हाईकमीशन को सूचना दे दी। हालांकि देर रात तक इस बात का पता नहीं चला कि झगड़ा क्यों हुआ था। महरौली थाना पुलिस ने कई नाइजीरियन युवकों को हिरासत में लिया है।
दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शुक्रवार रात करीब साढ़े दस बजे पुलिस को सूचना मिली कि 60 फुटा रोड (छतरपुर) पर एक युवक लहूलुहान अवस्था में पड़ा हुआ है।
घायल को एम्स के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान नाइजीरियाई निवासी हेरी हिलेरी (31) के रूप में हुई। वह तीन वर्ष पहले भारत आया था। यहां वह बिना वीजा के रह रहा था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हेरी को चाकू लगा था।
पुलिस ने नाइजीरिया हाईकमीशन को सूचना दे दी।
वहीं रात में ही पुलिस को एक और सूचना मिली कि राजपुर खुर्द में एक नाइजीरियाई युवक घायल पड़ा हुआ है। पुलिस ने उसे एम्स के ट्रॉमा सेेंटर में भर्ती कराया। इसकी पहचान केब्बी (30) के रूप में हुई। दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नाइजीरियाई युवकों के दो गुटों में झगड़ा हुआ था।