दिल्ली के कृष्णा नगर इलाके में चेकअप करने के बहाने 30 वर्षीय महिला से दुष्कर्म का मामला सामने आया है।
सोमवार शाम को आरोपी ने अपने क्लीनिक पर वारदात को अंजाम किया। मेडिकल कराने के बाद पुलिस ने सोमवार को ही आरोपी डॉक्टर शीशपाल को गिरफ्तार कर लिया है।
रेप का ये मामला सामने आने से जहां महिला के परिजनों का गुस्सा भड़का हुआ है वहीं, दूसरे लोग भी अब ऐसे मामलों में सतर्क हो रहे हैं।
खून में कमी बताकर क्लीनिक में बुलाया
पुलिस के मुताबिक, सलमा (बदला हुआ नाम) परिवार के साथ कृष्णा नगर में रहती है। कुछ दिनों से उसकी तबीयत ठीक नहीं है।
सलमा ने इलाके में ही क्लीनिक चलाने वाले डॉक्टर शीशपाल को दिखाया। डॉक्टर ने कुछ ब्लड टेस्ट करवाए। खून की कमी बताकर आरोपी ने सोमवार शाम को सलमा को अपने क्लीनिक पर बुलाया।
आरोप है कि चेकअप के बहाने शीशपाल से केबिन में महिला से रेप किया। छानबीन के बाद पुलिस ने आरोपी डॉक्टर को गिरफ्तार कर लिया।
टीचर से छेड़छाड़ में स्कूल प्रबंधक गिरफ्तार
दिल्ली के हरीनगर इलाके में एक महिला टीचर के साथ छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने स्कूल प्रबंधक को गिरफ्तार किया है। प्रबंधक की पहचान गुरबख्स सिंह (60) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार 50 वर्षीय महिला हरीनगर के गुरूद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से चलाई जाने वाली स्कूल में बतौर टीचर काम करती थी। गत 11 जून को उसने स्कूल के प्रबंधक गुरबख्स सिंह पर छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया और इसकी शिकायत हरीनगर थाने में की।
12 जून को पुलिस ने टीचर की शिकायत पर गुरबख्स के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार था। पुलिस की टीम ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।