डेंगू से प्रभावित जनपदों में चिकित्सकों के अवकाश रद्द करने के बावजूद दादरी के सरकारी अस्पताल में मंगलवार को चिकित्सक और कर्मचारी नदारद रहे।
इसकी वजह से मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा उत्तर प्रदेश के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा के महानिदेशक ने 7 अक्तूबर को आदेश जारी किया था कि डेंगू से प्रभावित जिलों के सरकारी अस्पताल और चिकित्सा केंद्रों पर रविवार और अन्य अवकाश के दिनों में भी नियमित रूप से ओपीडी सेवा खुली रहेगी।
अग्रिम आदेश तक इन जिलों में चिकित्सकों और कर्मचारियों के अवकाशों को रद्द कर दिया गया। साथ ही निर्देश जारी किया कि अगर किसी चिकित्सक को विशेष परिस्थितियों में जरूरत होती है तो उसे महानिदेशक की अनुमति पर ही अवकाश दिया जाएगा।
आदेश की सूचना जिले के मुख्य चिकित्साधिकारी ने सभी अस्पतालों को भेज दी थी। महानिदेशक के आदेश के बावजूद दादरी अस्पताल में मंगलवार को सरकारी अस्पताल में डॉक्टर व कर्मचारी ड्यूटी पर मौजूद नहीं थे।
ऐसे में अस्पताल पहुंचे मरीज इधर-उधर भटकते रहे। चिकित्साधिकारी डा. अब्दुल सलाम ने बताया कि डॉक्टर ममता शर्मा, प्रज्ञा वर्मा, बिंदू चतुर्वेदी ड्यूटी पर नहीं है। इनकी सूचना विभाग के उच्चाधिकारियों को दे दी गई है।