दिल्ली में डीसीटी कर्मचारी की हत्या
- फोटो : एएनआई
देश की राजधानी दिल्ली में डीटीसी कर्मचारी की हत्या से हड़कंप मच गया है। न्यू उस्मानपुर इलाके में डीटीसी कर्मचारी को उसके 5 साल के बेटे के सामने गोलियों से भून दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
यह घटना रविवार रात करीब 11.45 बजे की है। घटना के वक्त अकीबुद्दीन अपने बेटे और बहन के साथ घर जा रहा था। जब बदमाशों ने पिता को गोली मारनी शुरू की तो पांच साल का बेटा दौड़ता हुआ अपने घर की ओर गया और अपने परिवार को इस हादसे की जानकारी दी।
अकीबुद्दीन के परिजनों के अनुसार 5 बदमाश अपनी मां के साथ आए थे और इलाके में अकीबुद्दीन के आने का इंतजार कर रहे थे। मृतक की बहन रहमत ने बताया, जैसे ही हम घर पहुंचे 5 आदमी हमारे घर के बाहर हमारा इंतजार कर रहे थे। मेरे भाई को देखते ही वह उस पर गोली चलाने लगे। उस वक्त बदमाशों की मां भी उनके साथ थी।
अब तक की जांच में जो बात सामने आई है उससे पुलिस इसे आपसी रंजिश का मामला मान रही है क्योंकि सभी आरोपी अकीबुद्दीन के परिवार के परिचित हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।