रोमानिया से टूरिस्ट वीजा पर आकर जयपुर और फरीदाबाद में चोरी करने वाली चार महिलाओं और तीन पुरुषों को क्राइम ब्रांच डीएलएफ ने गिरफ्तार किया है।
गिरोह ने 17 जुलाई को डबुआ कॉलोनी में दुकानदार गुलशन कुमार तनेजा के घर में घुसकर नगदी और जेवर चोरी किए थे। पुलिस ने रोमानिया दूतावास को सातों की गिरफ्तारी की सूचना देने के साथ महिलाओं को नीमका जेल भेज दिया, जबकि पुरुषों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।
मालूम हो कि जवाहर कॉलोनी निवासी गुलशन कुमार तनेजा की घर के बाहरी हिस्से में रेडीमेड गारमेंट्स की दुकान है। 17 जुलाई की दोपहर सात विदेशी महिला-पुरुष एक कैब से उनकी दुकान पर पहुंचे थे।
चार लोग कपड़ा देखने के बहाने दुकान में रुके रहे, जबकि गुलशन की आंख बचाकर तीन लोग दुकान के पीछे बने घर में घुस गए और जेवर-नगदी चुराकर बाहर निकल आए। उनके आने के बाद बिना कुछ खरीदे सातों लोग वापस चले गए थे। चोरी का पता चलने पर गुलशन ने सारन थाने में केस दर्ज कराया था।
कैब से हुई पहचान
तफ्तीश में जुटी डीएलएफ क्राइम ब्रांच टीम ने सीसीटीवी फुटेज चेक की, तो पता चला कि सातों माइल्स कैब की कार से आए थे। इस पर कैब के कस्टमर केयर पर फोन कर जानकारी ली गई।
कस्टमर केयर ने कार के जीपीएस के आधार पर बताई लोकेशन
रोमानिया के नागरिक गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
कस्टमर केयर ने कार के जीपीएस के आधार पर बताया कि उसकी लोकेशन दिल्ली का कनॉट प्लेस है। इस पर टीम ने कस्टमर केयर से बात कर सातों को वापस फरीदाबाद भेजने को कहा।
चालक कार में सातों को बिठाकर सारन की ओर आ रहा था। टीम ने हार्डवेयर चौक और प्याली चौक के बीच कार को रुकवा कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पकड़ी गई महिलाओं का नाम मीरा देल्ला, जैटरन अयाना, मिकलेसकू एलीना, मार्जेल लोरेना और पुरुष निस्तर, वेल्क जॅनिका और वैदवा एलिन हैं।
सभी आरोपी रोमानिया के डोल्ज राज्य के क्राइयोवा शहर के रहने वाले हैं। पूछताछ में इन लोगों ने बताया कि इसी तरह जयपुर में भी जेवरों की दुकान पर चोरी करके फरार हुए थे।
सभी टूरिस्ट वीजा पर 12 जुलाई को भारत आए थे, जबकि 29 जुलाई को उन्हें वापस जाना था। मामले की जांच कर रहे सारन थाने के एएसआई चमन लाल ने बताया कि पुरुष सदस्यों को हिरासत में लेकर जयपुर में कहां वारदात की थी, इसका पता लगाया जा रहा है, इसके लिए जयपुर पुलिस को भी सूचना दे दी गई है।