पाकिस्तानी मूल के लेखक तारिक फतह की हत्या की सुपारी लेने वाले जुनैद चौधरी की पुलिस हिरासत मंगलवार को अदालत ने तीन दिन के लिये बढ़ा दी। दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने जुनैद को सात जून को गगन सिनेमा के पास से गिरफ्तार किया था।
पुलिस के मुताबिक तारिक फतह की हत्या की सुपारी जुनैद को छोटा शकील ने दी थी। पटियाला हाउस स्थित ड्यूटी मजिस्ट्रेट पंकज शर्मा ने जांच अधिकारी की अर्जी पर सुनवाई के बाद जुनैद चौधरी की रिमांड अगले तीन दिनों के लिए बढ़ा दी। पुलिस ने चार दिन के रिमांड के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया था।
पुलिस ने मामले में आगे जांच व अन्य गिरफ्तारियां करने के लिये जुनैद का रिमांड बढ़ाने का आग्रह किया था। दिल्ली पुलिस ने जुनैद चौधरी को जून 2016 में तीन अन्य बदमाशों के साथ गिरफ्तार किया था।
उस समय उसे हिंदू महासभा प्रमुख स्वामी चक्रपाणी की हत्या की सुपारी दी गई थी। छोटा शकील उस समय चक्रपाणी की हत्या करवाना चाहता था क्योंकि उसने दाऊद इब्राहिम की कार खरीदी थी।
दिल्ली पुलिस उस मामले में चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। अदालत से जमानत मिलने के बाद जुनैद दोबारा छोटा शकील के संपर्क में आ गया था। इस बार उसने तारिक फतह की हत्या की सुपारी ली लेकिन उसकी हत्या नहीं कर सका क्योंकि वह दिल्ली में नहीं था।