‘चाचा चौधरी’ ने राजधानी में आतंक बने हुए चार झपटमारों को पकड़वा दिया। मॉडल टाउन पुलिस ने एक वारदात की सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने झपटमारी का माल खरीदने वाले एक जौहरी को भी गिरफ्तार किया है।
पकड़ा गया एक आरोपी सब्जीमंडी का घोषित बदमाश है और उसपर 28 मामले दर्ज हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से एक बाइक और दो स्कूटी बरामद की है। दरअसल, झपटमारों को बाइक पर स्टीकर और हेलमेट पर तिरंगा झंडा पेंट करवाना भारी पड़ गया। पुलिस उपायुक्त विजय सिंह ने बताया कि गत चार जून को बाइक सवार बदमाशों ने मॉडल टाउन के कारोबारी राकेश से सोने की चेन झपट ली।
जांच के दौरान इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला गया जिसमें पुलिस ने पाया कि बदमाशों ने सफेद रंग की करिज्मा बाइक का इस्तेमाल किया है। बाइक के नंबर प्लेट पर एक स्टीकर लगा है जिसमें चाचा चौधरी लिखा हुआ है।
गिरफ्त में झपटमार
- फोटो : अमर उजाला
साथ ही बाइक की पिछले सीट पर बैठे बदमाश ने अपने हेलमेट पर तिरंगा झंडा बनवा रखा है। इस खुलासे के बाद सभी पुलिसकर्मियों को तलाशी अभियान के दौरान इस बाइक पर नजर रखने के लिए कहा गया।
छह जुलाई को हवलदार जीतेंद्र और सिपाही मनोज ने इस बाइक पर सवार दो बदमाशों सब्जी मंडी निवासी सोनू सिंह और ललिता पार्क निवासी पिंटू शर्मा को दबोच लिया।
पूछताछ में पता चला कि सोनू सब्जी मंडी का घोषित बदमाश है और उसपर लूट और झपटमारी के 28 मामले दर्ज हैं। पुलिस ने इनकी गिरफ्तारी से 35 मामले सुलझाने का दावा किया।
पुलिस ने इनके निशानदेही पर वारदात में मदद करने वाले प्रॉपर्टी डीलर सोनिया विहार निवासी संदीप सिंह और गीता कालोनी निवासी दीपक सेठ के अलावा झपटमारों से सोने की चेन खरीदने वाले ज्वैलर शाहदरा निवासी संभाजी को गिरफ्तार कर लिया। संभाजी की चांदनी चौक में गहनों की दुकान है। पुलिस ने इनके कब्जे से दो स्कूटी और चार तोला सोना बरामद किया।
‘सावधान इंडिया’ में काम कर चुका है एक आरोपी
गिरफ्त में झपटमार
- फोटो : अमर उजाला
प्रॉपर्टी डीलर दो हजार रुपये प्रतिदिन के किराए पर देता था बाइक
जांच में पता चला कि बाइक का मालिक संदीप सिंह प्रॉपर्टी डीलर है। वह अपनी बाइक सोनू सिंह को प्रतिदिन दो हजार रुपये के किराए पर देता था। करिज्मा बाइक की रफ्तार काफी तेज है।
वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश आसानी से बाइक से स्टंट करते हुए फरार हो जाते थे। बाइक पर सोनू सिंह और पिंटू शर्मा सवार होता था। वहीं एक स्कूटी पर दीपक सेठ और प्रीत सवार रहता था। जो बदमाशों के वारदात के बाद भागने में मदद करता था।
‘सावधान इंडिया’ में काम कर चुका है एक आरोपी
आरोपी पिंटू शर्मा को अभिनय का शौक है और वह अपराध पर आधारित टीवी सीरियल सावधान इंडिया में एक्टिंग कर चुका है। इसके अलावा वह नुक्कड़ नाटकों में भी काम करता है।
रुपयों की तंगी की वजह से वह सोनू के संपर्क में आया और झपटमारी की वारदात को अंजाम देने लगा। वहीं दीपक सेठ दवा की सप्लाई का काम करता था। सोनू और पिंटू से मुलाकात होने के बाद वह आपराधिक वारदात को अंजाम देने लगा।