सेक्टर-61 स्थित कृष्णा अप्रा सोसाइटी के सामने तेज रफ्तार में आ रही रायन इंटरनेशनल स्कूल की बस ने सोमवार सुबह एक महिला को कुचल दिया। हादसे में बुरी तरह घायल महिला ने अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में दम तोड़ दिया।
विज्ञापन
महिला केंद्रीय भवन अनुसंधान संस्थान, (सीएसआईआर) रुड़की से रिटायर्ड वैज्ञानिक की पत्नी थी। वहीं हादसे में एक स्कूली बच्चा भी घायल हो गया। सेक्टर-58 पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर चालक को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, घायल बच्चे को उसके अभिभावक अपने साथ ले गए।
पुलिस के अनुसार इंद्रप्रस्थ विला सेक्टर-61 निवासी दिनेश चंद्र की पत्नी क्षमा अग्रवाल (67) रोजाना की तरह सोमवार को भी सुबह मार्निंग वॉक पर गई हुई थी। दिनेश चंद्र रिटायर्ड वैज्ञानिक हैं।
विज्ञापन
क्षमा मार्निंग वॉक से वापस घर लौट रही थी
हादसे में पार्क की टूटी हुई दूर
- फोटो : राजन राय/अमर उजाला, नोएडा
वहीं उनका बेटा साकेत एक प्राइवेट कंपनी में इंजीनियर है। सुबह करीब 7 बजे क्षमा मार्निंग वॉक से वापस घर लौट रही थी। जैसे ही वह कृष्णा अप्रा सोसाइटी के पास पहुंची, तभी लाइफ केयर अस्पताल की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही रायन इंटरनेशल स्कूल बस ने उन्हें पीछे से कुचल दिया।
बस की रफ्तार इतनी ज्यादा थी कि वह अनियंत्रित हो गई और गोल चक्कर के पास बने पार्क की दीवार तोड़ते हुए गोल पार्क के भीतर घुस गई। घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने फौरन पुलिस को दी।
मौके पर पुलिस पहुंची और आरोपी चालक को गिरफ्तार किया व घायल क्षमा को अस्पताल ले गई। मगर क्षमा ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। वहीं, घटना के वक्त एक स्कूली बच्चा बस में सवार था जो कि घायल हो गया। सूचना पा कर उसके अभिभावक मौके पर पहुंचे और उसे अपने साथ ले गए।
हादसे में महिला की मौत
- फोटो : राजन राय/अमर उजाला, नोएडा
पुलिस के मुताबिक आरोपी चालक की पहचान बुलंदशहर निवासी सतवीर के रूप में हुई है। बस को कब्जे में ले लिया गया। पीड़ित परिजनों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और जांच की जा रही है। रेयॉन स्कूल की प्रिंसिपल का कहना है कि ‘जिस बस से दुर्घटना हुई है वह प्राइवेट बस है। इस बस का अनुबंध स्कूल के साथ है। इस संबंध में बस कॉन्ट्रैक्टर से बात की जा रही है।
नियमों को ताक पर रख दौड़ाई जा रहीं बसें
स्कूल बसों के लिए जो गाइडलाइंस सुप्रीम कोर्ट ने जारी की है उसकी खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। स्कूल प्रबंधन प्राइवेट बसों से अनुबंध कर बच्चों को स्कूल लाने ले जाने के लिए सड़क पर उतार रहे हैं। आरोप है कि अभिभावकों की ओर से कई बार जानकारी दिए जाने के बावजूद पुलिस ने किसी भी ऐसे स्कूल बसों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की है। सोमवार को रायन इंटरनेशनल स्कूल की बस की चपेट में आने से महिला की मौत हुई है वह भी प्राइवेट बस है।
दिखी लापरवाही
- बस के आगे और पीछे के हिस्से पर स्कूल बस लिखना जरूरी है। घटना को अंजाम देने वाले बस पर नहीं लिखा था।
- बस में कोई भी फर्स्ट एड बॉक्स नहीं था साथ ही बस में अग्नि शमन यंत्र नहीं था।
- बस की स्पीड 40 किमी प्रति घंटे से ज्यादा की नहीं होनी चाहिए, प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस की स्पीड खासी तेज थी।
- अगर प्राइवेट बस से स्कूल ने अनुबंध कर रखा है तो उस पर साफ-साफ ऑन स्कूल ड्यूटी लिखा होना चाहिए।