गाजियाबाद में गुंडाराज चल रहा है। रविवार शाम को कौशांबी में पीछा करने पर इंजीनियर की मासूम बेटी को गोली मारने के बाद सोमवार को भी बाइक सवार बदमाशों ने लूट की दो वारदातों को अंजाम दिया।
मोहन नगर में बाइकर्स ने सिक्योरिटी गार्ड से रुपयों से भरा बैग लूट लिया। जबकि उसके कुछ ही देर बाद राजीव कालोनी में बुजुर्ग से 25 हजार रुपये लूट लिए। पुलिस लकीर पीट रही है।
पहली घटना मोहन नगर के पास गुलमोहर सोसायटी के सामने हुई। दिल्ली के अमर कॉलोनी निवासी कुंवरपाल मोजरबियर कंपनी ओखला में सिक्योरिटी गार्ड हैं। उनका मोहन नगर की पीएनबी शाखा में अकाउंट है।
सोमवार दोपहर करीब 12 बजे वह बैंक से 60 हजार रुपये निकालकर घर जा रहे थे। उन्होंने तुलसी निकेतन जाने के लिए ऑटो लिया। वह ड्राइवर की सीट के साथ बैठे थे।
ऑटो गुलमोहर ग्रीन सोसायटी के सामने पहुंचा ही था कि पीछे से काली बाइक पर आए दो बदमाशों ने बैग छीन लिया और दिल्ली की ओर भाग गए। उन्होंने चालक की मदद से पुलिस को सूचना दी।
इसके कुछ ही देर बाद 12:30 बजे वीएमएलजी कॉलेज के रिटायर्ड कर्मचारी श्रीचंद गाजियाबाद से रुपये निकालकर लौट रहे थे। राजीव कालोनी के सामने से वह घर की ओर पैदल जा रहे थे।
पीछे से बाइक सवार बदमाश आए और उनके हाथ से बैग लूटकर ले गए। एसएचओ ने बताया कि दोनों घटनाओं में बदमाश दिल्ली की ओर भागे हैं। आसपास की सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।
गन प्वाइंट पर फैक्ट्रीकर्मी से बाइक लूटी
विद्यापुर-शाहजहांपुर मार्ग पर रविवार रात खेत में घात लगाए बैठे तीन बदमाशों ने गन प्वाइंट पर फैक्ट्रीकर्मी मुरादाबाद गांव निवासी वीरेंद्र सिंह से बाइक, मोबाइल और एक हजार रुपये लूट लिए।
पीड़ित ने मामले की सूचना पुलिस को दी है। आरोप है कि पुलिस मामला बाइक चोरी में दर्ज कराने का दबाव बना रही है।
इसके चलते अभी तक पीड़ित की रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी है। वीरेंद्र मुरादनगर स्थित एक फैक्ट्री में नौकरी करता है। रविवार की रात नौ बजे वह ड्यूटी पर जा रहा था।