दिल्ली दक्षिण जिले के सफदरजंग पुलिस स्टेशन में एक अमेरिकी पायलट के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है।
अमेरिकन पायलट पर पश्चिमी बंगाल की युवती ने दुष्कर्म का आरोप लगाया है। युवती आरोपी के साथ लिव इन रिलेशन में रह चुकी है।
दक्षिण जिला पुलिस उपायुक्त बीएस जयसवाल ने अमेरिकी पायलट के खिलाफ मामला दर्ज करने की पुष्टि की है।
सिंगापुर जाने से पहले किया था ये वादा
दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार मूलरूप से पश्चिमी बंगाल की रहने वाली युवती सिमरन (बदला हुआ नाम, 28) सफदरजंग एंक्लेव के हुमायूंपुर में किराए पर रहती है।
लारेंस की 2009 में भारत में पोस्टिंग हुई थी। उसी दौरान वह लारेंस के संपर्क में आई। दोनों हुमायूंपुर में लिव इन रिलेशन में रहने लगे। लारेंस सिमरन के साथ रहकर ही ड्यूटी कर रहा था।
2011 में लारेंस ये कहकर दिल्ली से चला गया कि उसकी सिंगापुर में इमरजेंसी पोस्टिंग हो गई है और वह जल्दी उसकी पत्नी को तलाक देकर भारत लौटेगा और उससे शादी करेगा।
दोस्त के जरिए मिली थी लारेंस से
सिमरन कई वर्ष लारेंस का लौटने का इंतजार करती रही। जब लारेंस नहीं लौटा तो सिमरन सोमवार को लारेंस के खिलाफ सफदरजंग एंक्लेव थाना पुलिस को शिकायत दी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार सिमरन को लारेंस से एक तीन वर्ष का बेटा भी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि एक दोस्त के जरिये सिमरन लारेंस के संपर्क में आई थी।
दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लारेंस को तलाश करने के लिए अमेरिकन एयरलाइंस और अमेरिकन एंबेसी से सहायता मांगी जाएगी।