गोविंदपुरम से हाईस्कूल के छात्र उज्जवल (14) को ‘अगवा’ कर लिया गया है। छात्र के मामा श्रीकांत ने बताया कि शुक्रवार रात अहमदाबाद पुलिस ने उनसे संपर्क किया है कि उज्जवल अहमदाबाद रेलवे स्टेशन पर उन्हें मिला है।
उसका कहना है कि उसे दो युवक यहां लेकर आए हैं। वे युवक रेलवे स्टेशन पर लगे सीसी टीवी कैमरों में भी नजर आ रहे हैं। परिजन उसे लेने के लिए अहमदाबाद के लिए रवाना हो गए हैं।
इस बाबत कविनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। थाना पुलिस दो दिन से मामले को दबाए हुए थी। अधिकारियों तक को इसकी सूचना नहीं दी गई थी।
श्रीकांत ने बताया कि उज्जवल के पिता मेरठ में एक निजी सिम कंपनी के डिस्ट्रीब्यूटर हैं। इनका परिवार गोविंदपुरम में रहता है। उज्जवल बृहस्पतिवार दोपहर करीब तीन बजे प्रेसवाले से कपड़े लेने के लिए घर से निकला था।
तब से गायब है। उसका मोबाइल भी स्विच आफ है। काफी तलाश के बाद भी जब वह नहीं मिला तो कविनगर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। शुक्रवार रात अहमदाबाद रेलवे स्टेशन से पुलिस ने उन्हें फोन किया कि उज्जवल उन्हें मिला है। उसने पुलिस को बताया कि उसे यहां दो युवक लाए हैं। मामा ने बताया कि उज्जवल से मिलने के बाद यह साफ हो पाएगा कि उसे ले जाने वाले कौन हैं। सीओ द्वितीय ने बताया कि गुमशुदगी को अपहरण की धारा में तरमीम कर लिया गया है।
शिप्रा सनसिटी के पास हुई भाजपा रैली में नरेंद्र मोदी का भाषण सुनने आए बी कॉम छात्र का बृहस्पतिवार दोपहर से कोई अता-पता नहीं है। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर छात्र की तलाश शुरू कर दी है।
मोदी की रैली में आया बीकॉम छात्र लापता
गाजियाबाद की पंचवटी कालोनी निवासी छात्र कन्हैया झा (20) एमएमएच कॉलेज में बी कॉम द्वितीय वर्ष का छात्र है। बृहस्पतिवार दोपहर को भाजपा की शिप्रा सनसिटी में आयोजित रैली में नरेंद्र मोदी का भाषण सुनने आया था। रैली खत्म होने के बाद वह शिप्रा सनसिटी में रहने वाले अपने दोस्त राजीव से मिला था।
इसके बाद जब वह शाम तक घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसकी तलाश की। उसका मोबाइल भी बंद आ रहा था। पिता शिवशंकर झा ने थाना इंदिरापुरम में गुमशुदगी दर्ज कराई है।